- Hindi News
- National
- Sriganganagar News Rajasthan News Karona Virus Sample Report Of Suspected Patient Came Negative
काेरोना वायरस: संदिग्ध रोगी की सैंपल रिपोर्ट नेगेटिव आई
काेराेना वायरस के संक्रमण के दंश से जिले को एक बार राहत मिली है। कोरोना की संदिग्ध मरीज युवती की सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसके बाद उसे जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड से छुट्टी दे दी है। जिले के हर ब्लॉक में कोरोना संक्रमित राेगियों के संपर्क में आए स्वस्थ लोगों को रखने के लिए अलग वार्ड बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके लिए हर वार्ड में जगह चिन्हित की जा रही है। जिले के उप स्वस्थ्य केंद्रों, पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पताल के डाॅक्टराें को निर्देश दिए गए हैं कि काेरोना से संक्रमित या फिर इससे मिलते-जुलते लक्षणों का कोई संदिग्ध मरीज अगर उनके यहां आता है तो उसकी स्क्रीनिंग करते समय उसे कोराेना वायरस के संक्रमण से बचाव की जानकारी दी जाए।
जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. केएस कामरा के अनुसार जिला अस्पताल में 8 मार्च को इटली से लौटी विनोबा मार्केट निवासी एक युवती को भर्ती किया गया था। यह युवती 27 फरवरी को कोरोना प्रभावित देश इटली से लौटी थी जिसे ठंडे पानी से नहाने से नाक बहने और जुकाम होने पर संदिग्ध मानते हुए भर्ती किया था। इस संदिग्ध रोगी के गले और नाक से लिए स्वाब के सैंपल की जांच एसएमएस मेडिकल कॉलेज की माइक्रो बायोलॉजी विभाग की लैब से सैंपल की जांच करवाने पर रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इससे मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बुधवार को जिला अस्पताल की विशेष कोरोना ओपीडी में कोई संदिग्ध मरीज नहीं आया। न ही किसी को विशेष वार्ड में भर्ती किया गया।
जिले में कोरोना प्रभावित लोगों के संपर्क में आने वाले स्वास्थ्य लोगों को रखने के लिए सीएचसी शिवपुर फतूही में क्वारंटाइन यानी विशेष वार्ड बनाया गया है। इसमें अभी तक किसी भी व्यक्ति नहीं रखा गया है। सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरड़ा के अनुसार जिले के हर ब्लॉक में इस तरह के विशेष वार्ड बनाने के लिए भवन चिन्हित करने के निर्देश सभी बीसीएमओ को दिए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग हो सके। बीसीएमओ को विशेष वार्डों के लिए आवश्यक िचकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए हैं।
विदेशों से लौटे नागरिकों की संदिग्धों की स्क्रीनिंग के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने गाइड लाइन जारी की है कि कोरोना प्रभावित देशों मुख्तय चीन, हांगकांग, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, जापान, इटली, ईरान, नेपाल आदि देशों से आने विदेशियों और इन देशों से लौटने वाले भारतीयों की यहां पहुंचने पर विशेष स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जाए। जिले में अब तक 70 से ज्यादा विदेशों से लौटे नागरिकों के स्वास्थ्य की स्क्रीनिंग की जा रही है। सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरड़ा के अनुसार जिले में इटली से लौटे छह नागरिकों के स्वास्थ्य की सक्रीनिंग की जा रही है। इमसें एक व्यक्ति गांव पांच एलएल और पांच लोग भागसर गांव में हैं। इनमें अभी तक काेरोना वायरस से संक्रमण के लक्षण नहीं हैं। इन्हें 28 दिन तक ऑब्जरवेशन में रखा जाएगा।