- Hindi News
- National
- Padampur News Rajasthan News Milk Rider Dies Due To Collision With Public Transport
लोक परिवहन की टक्कर से बाइक सवार दूधिए की मौत
मृतक कुंदन वर्मा
सिर के ऊपर से निकल गया बस का टायर
श्रीगंगानगर. पदमपुर राेड पर लोकपरिवहन बस की टक्कर से गुरुवार दाेपहर बाइक सवार दूध के कारोबारी की मौत हो गई। मृतक कुंदन वर्मा ड्रीम सिटी का निवासी था। सदर पुलिस ने जिला अस्पताल की मोर्चरी में शव रखवाया है। मृतक के भांजे गोपाल वर्मा की रिपोर्ट पर लोकपरिवहन बस के चालक पर लापरवाही व तेज गति से बस चला कर हादसा करने व गैर इरादतन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार पदमपुर रोड पर ग्रीन वैली रिजोर्ट के सामने स्थित ड्रीम सिटी निवासी 55 वर्षीय कुंदन वर्मा पुत्र मोहनलाल वर्मा दूध का कारोबार करते थे। वह गुरुवार सुबह गांवाें से दूध इकट्ठा कर बाइक पर ला रहे थे। दोपहर को लौटते समय महाराजा जस्सा सिंह मार्ग के पास पदमपुर रोड पर चूनावढ़ की तरफ से आ रही लोकपरिवहन बस के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बस का टायर कुंदन के सिर के ऊपर निकल गया। हादसे के बाद चालक बस मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। डिस्काॅम कर्मियों ने तत्काल घायल कुंदन को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सदर थाना से हवलदार लीलाधर ,सब इंस्पेक्टर अलका विश्नोई घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक व लोकपरिवहन की बस कब्जे में ली है।
मृतक के भांजे गोपाल वर्मा ने बताया कि उनके मामा चंदन के तीन बेटे हैं। सबसे बड़ा निर्मल कुमार विद्युत कर्मी है। उसे छोटा रामकुमार एक निजी पैथोलॉजी लैब में टेक्नीशियन है। सबसे छोटा रमेश दिल्ली में रहता है। उनके शुक्रवार सुबह श्रीगंगानगर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।