- Hindi News
- National
- Sriganganagar News Rajasthan News Police Gave 63500 To Myra39s Sister39s Wedding
सफाई कर्मी की बहन की शादी में पुलिस ने ~ 63500 देकर भरा मायरा
शुगर मिल के पास वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार काे नजारा देखने लायक बना। काॅलाेनी में एकाएक पुलिस की अनेक गाड़ियां पहुंचीं। वाहनाें से उतरे अधिकारियाें व पुलिस कर्मियाें के हाथ में साैगातें थीं। यह देखकर लाेगाें में काेतूहल की स्थिति बनी। पुलिस कर्मी महिला थाने के एक सफाई कर्मचारी की बहन की शादी में मायरा (भात) देने पहुंचे थे। जैसे ही पुलिस अधिकारी और जवान बस्ती में अजय कुमार के घर पहुंचे ताे घरवालों ने उनका तिलक लगाकर स्वागत सत्कार किया। पुलिस उप अधीक्षक (शहर) इस्माइल खान और महिला थाना के प्रभारी विजय मीणा ने अजय की बहन की शादी के लिए लाई गई सौगातें सौंपीं तो परिवार वाले अभिभूत हो गए। पुलिस ने 63500 रुपए, लेडिज सूट, कपड़े, मिठाई, फल इत्यादि से अजय की बहन दिव्या का भात भरा।
थाना प्रभारी की पहल पर सभी ने की मदद: मायरा की रस्में अदा करते हुए पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी भावुक हो गए। दरअसल, अजय कुमार महिला थाना में सफाई कर्मचारी है। उसकी बहन दिव्या की 15 मार्च काे शादी है। यह पता चलने पर थाना प्रभारी विजय मीणा की पहल पर थाने के स्टाफ ने न केवल अजय की मदद करने बल्कि मायरा की रस्म भी निभाने का निर्णय लिया। थाने का स्टाफ तीन-चार दिन से इसकी तैयारी में लगा हुआ था। मायरा की रस्म के दाैरान महिला थाना से प्रभारी विजय मीणा, सब इंस्पेक्टर सुशीला, सहायक उप निरीक्षक भैराराम, थाने के एचएम दरियासिंह, जंगशेर खां, हवलदार सुरेंद्र सरदाना, सिपाही सोहनलाल व जगदेव सिंह आदि पुलिस उप अधीक्षक (शहर) इस्माइल खान की अगुवाई में शुगर मिल कॉलोनी को रवाना हुए। पुलिसकर्मियों ने विधि-विधान से मायरा की रस्में अदा कीं। भात में लाई हुई सौगात की वस्तुएं अजय के परिवार को भेंट की ताे मोहल्ले के लोगाें ने पुलिसकर्मियों का इस नेक कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। इस दाैरान अनिल धारीवाल सहित वाल्मीकि समाज से अनेक लाेग माैजूद थे।
सफाई कर्मी के बहन की शादी में मायरा भरते पुलिस जवान।