- Hindi News
- National
- Khat News Rajasthan News Pooja Lavlina Won Olympic Quota To Our Five Players
पूजा-लवलीना जीतीं, हमारे पांच खिलाड़ियों को ओलिंपिक कोटा
विकास लगातार तीसरा ओलिंपिक खेलेंगे, सचिन हारे लेकिन फिर भी मौका
एशियन चैंपियन बॉक्सर पूजा रानी, लवलीना, आशीष कुमार, कॉमनवेल्थ चैंपियन विकास कृष्णन और सतीश कुमार एशियन ओलिंपिक क्वालिफायर के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। इसी के साथ पांचों खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है। विकास लगातार तीसरी बार ओलिंपिक खेलेंगे।
पूजा ने 75 किग्रा वेट कैटेगरी में थाईलैंड की पोर्निपा शूटी को 5-0 से हराया। विकास (69) ने तीसरी सीड जापान के सीवोनरेट्स ओकाजावा को मात दी। लवलीना (69) ने उज्बेकिस्तान की मिलिएवा को जबकि आशीष (75) ने इंडोनेशिया के मुखिता को हराया। वहीं, सचिन कुमार 81 किग्रा की क्वार्टर फाइनल बाउट में हार गए। हालांकि, उनके पास ओलिंपिक बर्थ हासिल करने का एक मौका और है। वे क्वार्टर फाइनल में हारने वाले खिलाड़ियों को बॉक्स-ऑफ बाउट में हरा देते हैं तो ओलिंपिक का टिकट पा लेंगे।
2016 में दिवाली पर पूजा की हथेली जल गई तो एक साल खेल से दूर होना पड़ा था
पूजा बताती हैं, ‘2016 में दिवाली पर हथेली में अनार बम फट गया था, जिससे हथेली जल गई थी। मुझे एक साल खेल से दूर रहना पड़ा। 2017 में कंधे में चाेट के बाद लगा कि करिअर खत्म हो जाएगा। लेकिन फिजियोथेरेपिस्ट की मदद से इस चोट से उबरी और 2019 में एशियन चैंपियनशिप में 81 किग्रा में गोल्ड जीता।’ उन्होंने बताया, ‘पहले 75 किग्रा में खेलती थी। लेकिन इंजरी के बाद 81 में खेलना शुरू किया। कोच के कहने पर एक बार फिर 75 में वापसी की। वजन मेंटेन करने के लिए तीन साल से घी और गोंद के लड्डू नहीं खाएं हैं।’