- Hindi News
- National
- Sriganganagar News Rajasthan News Sp Saab You Should Know Ghatale I Do Not Drink Tea In The Meeting Minister Datasara
एसपी साब आपको घाेटाले का पता हाेना चाहिए मैं बैठक में चाय पीने नहीं अाता: मंत्री डाेटासरा
तीनों सत्ताधारी विधायकों ने अधिकारियों की कार्यशैली के प्रति जताई नाराजगी
आेलावृष्टि से प्रभावित फसल खराबे का जायजा लेने आए जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा और एसपी हेमंत शर्मा के बीच कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में गर्मागर्मी हो गई। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक के दौरान शिक्षा विभाग में 38 करोड़ रुपए के घोटाले में कार्रवाई की अधूरी सूचना को लेकर एसपी हेमंत शर्मा के जवाब पर प्रभारी मंत्री ने असंतोष जताया। एसपी ने कुछ तर्क दिए तो दोनों के बीच हॉट-टाक की स्थिति बनी। इससे बैठक में मौजूद अन्य विभागों के अधिकारी भी एक बार सकते में आ गए। बैठक में सादुलशहर के विधायक जगदीशचंद्र जांगिड़ ने जिले में नशावृत्ति न रुकना बताते हुए असंतोष जताया। श्रीगंगानगर शहर की सड़कों की बदहाली पर तीनों सत्ताधारी विधायकों-श्रीकरणपुर के गुरमीत सिंह कुन्नर, सादुलशहर के जगदीश जांगिड़ और श्रीगंगानगर के राजकुमार गौड़ ने नाराजगी जताई। करीब पौने दो घंटे चली इस बैठक में प्रभारी मंत्री डोटासरा ने कई अधिकारियों की कार्यशैली के प्रति नाराजगी भी जताई।
एसपी- मैं अपना काम अच्छे से कर रहा हूं, मुझे क्या पता था कि अाप अचानक ये पूछ लेंगे
नप अधिकारियों को हिदायत, नियम कायदे से कार्रवाई करें: बैठक में नगरपरिषद की आयुक्त प्रियंका बुडानिया की गैर हाजिरी का जिक्र करते हुए विधायक राजकुमार गौड़ ने कहा कि शहर की सड़कों व पानी निकासी की स्थिति खराब है। जनता हमसे जवाब तलब करती है। कांग्रेस नेता अशोक चांडक ने जवाब देने का प्रयास किया तो प्रभारी मंत्री ने उन्हें बीच में ही टोकते हुए कहा कि इस पर अधिकारी ही जवाब दें। अशोक चांडक ने काम में अड़चन की मुख्य वजह नगरपरिषद में इंटरनल राजनीति होना बताया तो विधायक राजकुमार गौड़ ने पलटवार किया कि बताओ आपको मेरा सहयोग नहीं मिला। बैठक में जिला कलेक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते, एसडीएम सतर्कता अरविंद जाखड़, नगरपरिषद की सभापति करुणा चांडक, विधायक जगदीश जांगिड़, विधायक राजकुमार गौड़, विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर, यूआईटी की सचिव डॉ. हरितिमा, एसडीएम उम्मेद सिंह रतनू आदि उपस्थित थे।
एसपी से हॉट टाक नहीं हुई। शिक्षा विभाग में घोटाले पर उनका कहना था कि पूरी जानकारी पूछकर बताता हूं। तब मैंने कहा कि आपको पूरी तरह मॉनिटरिंग करनी चाहिए। बैठक के बाद पूरी जानकारी मिल गई।
गोविंद सिंह डोटासरा, प्रभारी मंत्री, श्रीगंगानगर।
सालभर में हजाराें केस दर्ज होते हैं। सभी की डिटेल अंगुलियों पर नहीं होती। मंत्री जी को बता दिया था कि घोटाले की एफआईआर में बढ़िया कार्रवाई हुई है। बैठक के बाद जानकारी पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
हेमंत शर्मा, एसपी, श्रीगंगानगर।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री डोटासरा ने शिक्षा विभाग में एक पीटीआई द्वारा 38 करोड़ रुपए के घाेटाले का जिक्र करते हुए एसपी शर्मा से पूछा कि हमारे विभाग के इस प्रकरण में क्या कार्रवाई हुई। इस पर एसपी का जवाब था कि काफी लोग पकड़े गए हैं। कुछ की हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत हाे चुकी है। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताई कि आपको प्रकरण की पूरी जानकारी होनी चाहिए। आरोपियों की जमानत खारिज करवाने के लिए कोर्ट में क्या पक्ष रखा। इस पर एसपी ने कहा कि मैं अपना काम अच्छी तरह से अाैर पूरा कर रहा हूं। कार्रवाई हो रही है। दस मिनट में जानकारी लेकर बता देता हूं। तब मंत्री ने तल्ख तेवर दिखाते हुए कहा कि मैं बैठक में चाय पीने अाैर बिस्किट खाने नहीं अाता। जिले का प्रभारी और शिक्षा विभाग का मंत्री हूं। आपको घोटाले की पूरी हो जानकारी होनी चाहिए थे। इस पर एसपी ने कहा कि मेरे काे क्या पता था कि अाप अचानक ये पूछ लेंगे।
इतना ही नहीं इससे पूर्व बैठक में सादुलशहर के विधायक जगदीश जांगिड़ ने शहर के एक डॉक्टर से 12 लाख नशीली गोलियां बरामद होने का मुद्दा उठाया तो एसपी हेमंत शर्मा का जवाब था कि नारकोटिक्स विभाग की कार्रवाई हो चुकी है। तब विधायक जांगिड़ ने कहा कि लोकल पुलिस ने इसे लंबे समय तक अनदेखा किया।
बैठक में विधायक राजकुमार गौड़ ने कहा कि शहर में 8 एमएम बरसात हो या फिर 20 एमएम। पानी की निकासी अवरुद्ध होने से लोगों को परेशानी होती है। इस पर नगरपरिषद के प्रतिनिधियों ने बताया कि शुगर मिल एसटीपी के लिए नए कनेक्शन की जरूरत है। विद्युत निगम इसका एस्टीमेट नहीं दे रहा है। इस पर विद्युत निगम के एसई जेएस पन्नू ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो मंत्री ने एसई पन्नू को बैठक से बाहर जाने का कहते हुए कहा कि आपको एसई किसने बना दिया। बैठक के दौरान एसई पन्नू कुछ समय के लिए कलेक्ट्रेट सभागार से बाहर भी आ गए थे।
आेलावृष्टि से प्रभावित फसल खराबे का जायजा लेने आए प्रभारी मंत्री डोटासरा और एसपी हेमंत शर्मा के बीच बैठक में गर्मागर्मी