- Hindi News
- National
- Sriganganagar News Rajasthan News The Adm Did Not Take The Memo And Then Stuck It On The Wall
एडीएम ने ज्ञापन नहीं लिया तो दीवार पर चिपका दिया
किसान संघ कर रहा फसलों की सरकारी खरीद शुरू करने की मांग
फसलों की सरकारी खरीद सुचारू करने अौर घग्घर बहाव क्षेत्र में लगाए बंधे हटाने की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन देने गए भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल की एडीएम प्रशासन डॉ. गुंजन सोनी से तल्खी हो गई। एडीएम डॉ. सोनी ने ज्यादा लोगों से ज्ञापन देने से मना किया तो संघ के सदस्यों ने कलेक्टर में एडीएम के कार्यालय के बाहर ज्ञापन की प्रति चस्पा कर विरोध जताया। भाकिसं का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को किसान विश्राम गृह में बैठक करने के बाद कलेक्टर के नाम ज्ञापन देने कलेक्ट्रेट पहुंचा था। कलेक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते के कार्यालय में न होने पर एडीएम को ज्ञापन देना था।
किसान संघ के प्रांत उपाध्यक्ष सत्यनारायण गोदारा और जिला प्रवक्ता रघुवीर चौधरी ने बताया कि पहले एडीएम ने उन्हें एक घंटे तक मिलने का मौका नहीं दिया। पदाधिकारियों के अनुसार एडीएम ने उनसे दुर्व्यवहार भी किया। फिर ज्ञापन कलेक्ट्रेट में एडीएम कार्यालय के बाहर दीवार पर चस्पा कर विरोध जताया। कलेक्टर के नाम संबोधित इस ज्ञापन में गेहूं, सरसों, चना व अन्य फसलों की खरीद के लिए बारदाने की समुचित व्यवस्था करने की मांग की गई है।
इसके अलावा सरसाें की खरीद में 25 क्विंटल प्रति क्विंटल की सीमा से हटाकर पूरी फसल खरीदने, सभी फसलों की सरकारी खरीद में निर्धारित सीमा खत्म करने की मांग की गई है। किसानों के आरोपों के संबंध में एडीएम प्रशासन डॉ. सोनी से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनकी फोन कॉल नहीं लगी। ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रांत उपाध्यक्ष सत्यनारायण गोदारा, जिला प्रवक्ता रघुवीर चौधरी, महामंत्री विनोद धारणिया, जिलाध्यक्ष जसवंत सिंह चंदी, जिला मंत्री हरबंश बिश्नोई, जिला युवा प्रमुख राजाराम सुथार, जिला जैविक प्रमुख पृथ्वी बिश्नोई एवं मालाराम आदि उपस्थित थे।