पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Sriganganagar News Rajasthan News Wheat Procurement Will Start From April 1 Registration Will Start From March 18

गेहूं की खरीद 1 अप्रैल से, 18 मार्च से शुरू हाेगा पंजीयन

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रबी फसल में गेहूं, चना व सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीद को लेकर शुक्रवार को उच्च अधिकारियों ने वीसी के जरिए अब तक की गई तैयारी की समीक्षा की अाैर अावश्यक निर्देश दिए। साथ ही बताया गया कि कृषि जिंसाें की सरकारी खरीद के लिए 18 मार्च से पंजीयन शुरू हाेगा अाैर एक अप्रैल से खरीद शुरू हाेगी। खरीद ऐजेंसियां-एफसीआई, राजफैड व तिलम संघ 25 मार्च तक निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने के साथ-साथ किसानों को विक्रय की गई फसल का आॅनलाइन भुगतान करने के लिए तीनों ऐजेंसियाें काे लीड बैंक के साथ बैठक करने के लिए निर्देशित किया। वीसी में एसीएस राजीव स्वरूप, खाद्य शासन सचिव सिद्धार्थ महाजन ने फसल खरीद की तैयारियों, खरीद के समय व्यवस्थाएं, क्रय की गई फसल का उठाव, फसल की सुरक्षा व भुगतान से संबंधित निर्देश दिए।

वीसी में कहा कि एसडीएम व तहसीलदार इस बात का ध्यान रखेंगे कि किसान को गिरदावरी व जमाबंदी देने में कोई अनावश्यक विलंब न हो। फसल खरीद से पूर्व पर्याप्त बारदाना, अतिरिक्त श्रमिक तथा परिवहन के लिए ट्रकों की व्यवस्था करनी होगी। कृषि विभाग के अधिकारी व पर्यवेक्षक पर्याप्त मात्रा में खरीद केंद्राें पर उपस्थित रहेंगे तथा मंडी सचिवों को जिंस खरीद में सहयोग करेंगे। खरीद केंद्राें व अनाज मंडियों में वर्षा का पानी इकट्ठा न हो, इसके लिए ड्रेनेज व नाली इत्यादि की सफाई समय रहते की जाए। खरीद की गई फसल का उठाव नियमित हो, इसके लिए गोदाम सुबह से लेकर शाम तक अतिरिक्त समय खुले रहेंगे। मंडियों में किसान का अनाज चोरी या छीजत न हो, इसके लिए वैब कैमरे लगाने के साथ-साथ फलेक्स लगाए जाएं, जिन पर खरीद केंद्र का नाम, खरीद कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियाें के नाम व मोबाइल नंबर अंकित किए जाएं। खरीद की गई जिंस पर लोट नंबर व तिथि अंकित की जाए। साथ ही अतिरिक्त खरीद केंद्र की आवश्यकता हो तो इसके प्रस्ताव भेजें। 18 मार्च से पंजीयन प्रारंभ होगा तथा 1 अप्रैल से खरीद शुरू होगी।

प्रतिदिन किए कामों की सूचना प्रशासन को दी जाएगी

जिले में रबी विपणन वर्ष 2020-21 के दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाने वाली गेहूं खरीद के संबंध में कलेक्टर ने खरीद ऐजेंसियों-भारतीय खाद्य निगम, राजफैड व तिलम संघ को आवश्यक निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने बताया कि ऐजेंसियों की ओर से प्रतिदिन क्रय की गई गेहूं के लिए किसानों के रजिस्ट्रेशन की संख्या की रियल टाइम रिपोर्ट केंद्रवार तैयार कर प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही गेहूं खरीद के लिए आने वाले किसानों के पंजीकरण के काम को बिना किसी अनावश्यक व अकारण विलंब के त्वरित गति से निपटाया जाएगा। तीनों खरीद ऐजेंसियों की ओर से प्रतिदिन किए गए काम की सूचना जिला प्रशासन को प्र्रस्तुत की जाएगी। उन्हाेंने खरीद ऐजेंसियों काे खरीद केंद्राें पर खरीद के लिए अनुभवी व प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति करने, केंद्रवार प्रतिनिधियों की सूची मोबाइल नंबर सहित संबंधित एसडीएम व मंडी प्रशासन को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। खरीद केंद्राें पर क्वालिटी रिजेक्शन रजिस्टर का संधारण भी किया जायेगा, जिसमें रिजेक्ट किए गए गेहूं का स्पष्ट कारण अंकित किया जाएगा।

खरीद केन्द्रों के लिए दल का गठन : कलेक्टर ने जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाने वाली गेहूं, चना, सरसों खरीद के लिए जिले के समस्त एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में कृषि उपज मंडी समिति, खरीद केंद्र के लिए दल का गठन करने के निर्देश दिए हैं। दल में सहायक कृषि अधिकारी, कृषि पर्यवेक्षक, राजस्व विभाग के गिरदावर, पटवारी या भू-अभिलेख निरीक्षक तथा स्थानीय कृषि उपज मंडी समिति के कर्मचारी, प्रतिनिधि शामिल होंगे।

सात खरीद केंद्र बनाए गए

रबी फसल में गेहूं, चना व सरसों को समर्थन मूल्य पर खरीद करने के लिये एफसीअाई के 23, राजफैड के 3 व तिलम संघ के 7 खरीद केन्द्र बनाए गए है। भारतीय खाद्य निगम के खरीद केन्द्र अनूपगढ, गजसिंहपुर, जैतसर, रामसिंहपुर, आरडी 365, विजयनगर, सुखचैनपुरा, गंगानगर, सूरतगढ़, लालगढ जाटान, समेजा कोठी, पतरोड़ा, घड़साना, 27 ए, नाहरावाली, लाधूवाला, लठ्ठावाली, जोधेवाला, पन्नीवाली, सुजावलपुर, मोरजण्डखारी, रामसराजाखड़ान तथा बहरामपुरा बोदला में खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इसी प्रकार राजफैड के रावला, विनायक कृषि मंडी यार्ड सूरतगढ़ व बालाजी एग्रो प्राइवेट लिमिटेड गंगानगर में खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इसी प्रकार तिलम संघ के श्रीकरणपुर, रायसिंहनगर, पदमपुर, रिडमलसर, बींझबायला, केसरीसिंहपुर तथा सादुलशहर में खरीद केंद्र हैं।
खबरें और भी हैं...