एसएमएस में 2 नए संदिग्ध भर्ती, 5विदेशी संदिग्ध अारयूएचएस भेजे
जयपुर में कोरोना का खौफ
काेराेना के खाैफ के बीच एसएमएस अस्पताल में भर्ती 5 संदिग्ध विदेशी नागरिकों को आरयूएचएस भेजा गया है। पांचों विदेशी नागरिकों की पहली स्क्रीनिंग की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है और एहतियात के तौर पर अभी आरयूएचएस में बनाए गए आइसाेलेशन वार्ड में भेजा गया है। साथ ही एसएमएस अस्पताल में 2 नए संदिग्ध विदेशी नागरिक भी भर्ती किए गए हैं। इन दोनों विदेशी नागरिकों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।इसी बीच, शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच ब्रेथ-एनाॅलाइजर से नहीं हो सकेगी। कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने गृह और पुलिस विभाग को लिखा है कि यातायात पुलिसकर्मियों की आेर से काम में लिए जा रहे ब्रेथ-एनाॅलाइजर का उपयोग तुरंत प्रभाव से रोक दिया जाए। मालूम हो कि ब्रेथ-एनाॅलाइजर के उपयोग से संक्रमण बढ़ने व फैलने का खतरा काफी अधिक रहता है और लोग भी इसका विरोध कर रहे थे।
सामूहिक कार्यक्रमों को फिलहाल टाल दें : एसीएस
कोरोना वायरस के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर की कॉन्फ्रेंस, मीटिंग जैसे बड़े समारोह आगामी आदेशों तक स्थगित रहेंगे। चिकित्सा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह के अनुसार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार स्थगित करने के निर्देश दिए है। दुनियाभर के विशेषज्ञों ने कोरोना के फैलने से बचने के लिए सामूहिक सभाओं को कम आयोजित करने की सलाह दी है। जब तक सामूहिक समारोहों को टाला जा सकता है या संभवत स्थगित किया जा सकता है तब तक टाला जाए।
विदेशी यात्रियों को खुद भरना होगा फॉर्म
सभी राजकीय व निजी परिवहन साधनों से यात्रा कर रहे विदेशी पयर्टकों से स्व-घोषणा भरवाने व उनकी स्क्रीनिंग करवाने के निर्देश दिए गए हैं। रोडवेज के परिवहन आयुक्त और प्रबंध निदेशक को इनके साथ बस स्टैंड पर प्रचार-प्रसार सामग्री का प्रदर्शन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में रेपिड रेस्पांस टीमें गठित कर सहयोग करने को कहा है। बड़े निजी अस्पतालों में अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाने के भी आदेश हैं।
अस्पताल में कोरोना के लिए एम्बुलेंस
जयपुर के आरयूएचएस अस्पताल में कोरोना के संदिग्ध मरीजों को लाने- ले जाने के लिए अलग से एक कोरोना डेडीकेटेड एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। अब संदिग्धाें के लिए यही एंबुलेंस रहेगी।
6 हजार नर्सिंग स्टूडेंट कर रहे सहयोग
कोरोना की रोकथाम के लिए सार्वजनिक स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, शिक्षण व अन्य संस्थानों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही स्क्रीनिंग में 6 हजार से अधिक नर्सिंग स्टूडेंट्स भी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। आरएनसी के रजिस्ट्रार महेश शर्मा ने बताया कि इन नर्सिंग स्टूडेंटस को कोरोना वायरस की रोकथाम वनियंत्रण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। साथ ही निर्धारित प्रपत्र में सर्वेक्षण भी किया जा रहा है।