पुलिस के साथ मारपीट व राजकार्य में बाधा डालने के आरोपियों को जेल भेजा
श्रीमाधोपुर | लिसाडिया गांव में झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाप्रभारी सहित 5 पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करने व राजकार्य में बाधा डालने के आरोपियों को न्यायालय ने 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। थानाप्रभारी कैलाशचंद्र मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लिसाडिया निवासी विक्रम सिंह, कुलदीप सिंह, झब्बरसिंह, रविन्द्र सिंह, तेजसिंह व श्रवण सिंह को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से अदालत ने सभी आरोपियों को 15 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार धुलंडी के दिन शाम को लिसाडिया गांव में डीजे बजाने की बात को लेकर दो पक्षों में हुए झगड़े व मारपीट की सूचना पर मौके पर श्रीमाधोपुर पुलिस के साथ मारपीट की थी। थानाप्रभारी ने 18 जनों के खिलाफ मारपीट करने व राजकार्य में बाधा डालने का नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। इनमें से 6 जनों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया था।