पैदाइशी कांग्रेसी सिंधिया अब भाजपाई,राज्यसभा के रास्ते मंत्री बनाने की तैयारी
सिंधिया ने 4 बार मोदी का नाम लिया, पर शिवराज का जिक्र तक नहीं किया
मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर भ्रष्टाचार का उद्योग चलाने का आरोप लगाते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में शामिल हो गए। बुधवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए कहा- ‘ज्योतिरादित्य के नेतृत्व और प्रखरता से हम वाकिफ हैं, मोदी के नेतृत्व में उन्हें मुख्यधारा में काम करने का मौका मिलेगा।’ सिंधिया ने 10 मिनट के बयान में कांग्रेस छोड़ने का कारण तो बताया ही, पीएम नरेंद्र मोदी को सबसे सशक्त नेता भी बताया। उन्होंने 4 बार मोदी का नाम लिया, लेकिन मप्र में भाजपा के प्रमुख नेता शिवराज सिंह चौहान का नाम नहीं लिया। जबकि, शिवराज ने भोपाल में सिंधिया की बुआ भाजपा नेता यशोधराराजे सिंधिया के साथ पत्रकारों से बात करते हुए ज्योतिरादित्य की तारीफ की। ट्वीट भी किया- ‘स्वागत है महाराज, साथ है शिवराज।’
उधर दिल्ली में सिंधिया भाजपाई हुए, इधर भोपाल में भाजपा ने सिंधिया को राज्यसभा का उम्मीदवार बना दिया। सूत्र कह रहे हैं कि सिंधिया मोदी सरकार में मंत्री बनाए जा सकते हैं। इसी शर्त पर सिंधिया भाजपा में आए हैं।
कांग्रेस में नई सोच को मान्यता नहीं : सिंधिया
{ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा- कांग्रेस पार्टी वास्तविकता को नहीं समझ पा रही है।
{नई सोच और विचारधारा को भी पार्टी में मान्यता नहीं मिल रही है।
{मैंने एमपी के लिए सपने पिरोए थे, जो 18 माह में ही बिखर गए गए। इसलिए मैंने पार्टी छोड़ी है।’
सिंधिया ने कांग्रेस छोड़ने के लिए 10 मार्च क्यों चुना?
सिंधिया बोले- ‘मेरे जीवन में दो दिन ऐसे आए, जिन्होंने जीवन बदल दिया। पहला-30 सितंबर 2001, जिस दिन पिता को खोया (तभी ज्योतिरादित्य कांग्रेस में उभरे)। दूसरा- 10 मार्च 2020। उस दिन पिता की 75वीं वर्षगांठ थी।’ (इसी दिन सिंधिया ने कांग्रेस छोड़ी।)
राहुल बोले- सिंधिया कांग्रेस के एकमात्र ऐसे व्यक्ति रहे हैं, जो कभी भी मेरे घर आ सकते थे
यह बयान उस खबर के खंडन के रूप में आया, जिसमें कहा गया कि सिंधिया को सोनिया-राहुल में मिलने का समय नहीं दिया।
बुआ यशोधरा राजे बोलीं- आज अम्मा (विजया राजे) की आिखरी इच्छा पूरी हुई
यशोधरा राजे ने कहा- ‘अम्मा (विजया राजे) की आखिरी इच्छा थी कि माधवराव भाजपा में आ जाएं। लेकिन, ऐसा नहीं हो सका। आज ज्योतिरादित्य ने वह इच्छा पूरी कर दी है। आज अम्मा जहां भी हैं, खुश होंगी।’
मोदी को सशक्त नेता बताया
22 कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे कराने के बाद ज्योतिरादित्य भाजपा में शामिल हुए, कहा- कांग्रेस में रहकर जनसेवा असंभव