पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Sikar
  • Sikar News Rajasthan News Cm Said Two And A Half Months Ago Will Be Writ In August 2020 Till Now The Department Could Not Release The Release

सीएम ने ढाई महीने पहले कहा था- अगस्त 2020 में होगी रीट, अब तक विज्ञप्ति तक जारी नहीं कर सका विभाग

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रीट-2020 को लेकर प्रदेशभर के 10 लाख से अधिक अभ्यर्थी इंतजार कर रहे हैं। अभ्यर्थी असमंजस में है कि रीट अगस्त में होगी या नहीं। क्योंकि अभी तक परीक्षा को लेकर कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिसंबर 2019 में रीट 2 अगस्त 2020 काे कराने की घाेषणा की थी।

लेकिन मुख्यमंत्री की घोषणा के ढाई माह बाद भी नाेटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है, इसलिए अभ्यर्थी असमंजस में है। सबसे ज्यादा सीकर, चूरू व झुंझुनूं में करीब 1 लाख अभ्यर्थी रीट की तैयारी में जुटे हुए हैं। हाल ही में शिक्षामंत्री गोविंदसिंह डोटासरा अपने ट्विटर अकाउंट पर जेआईईटी जोधपुर पर एक सवाल के जवाब में ट्रोल हुए थे। युवाओं ने ट्वीट कर रीट-2020 के बारे में सवाल पूछे। अभ्यर्थी रीट करवा शीघ्र तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती करवाने की मांग कर रहे हैं।

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. धर्मपाल जारोली बोले-पैटर्न चेंज के बारे में मंत्री ही तय करेंगे

1. मुख्यमंत्री ने रीट-2020 दो अगस्त को करवाने की घोषणा की थी, आपको सरकार से क्या निर्देश मिले हैं?

जवाब : मुझे भी दो अगस्त को रीट करवाने के बारे में पता चला है। सरकार ने घोषणा की है तो निश्चित तिथि पर ही रीट आयोजित करवाएंगे।

2. शिक्षामंत्री से आपकी रीट को लेकर बात हुई क्या, नोटिफिकेशन कब तक जारी करेंगे?

जवाब : शिक्षामंत्री गोविंदसिंह डोटासरा विधानसभा व्यस्त हैं। मैं भी बोर्ड परीक्षाओं में व्यस्त चल रहा हूं, जल्द उनसे मिलकर इस पर बात करुंगा। नोटिफिकेशन के लिए अभी चार माह पड़े हैं।

3. तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती लेवल टू का भर्ती पैटर्न भी चैंज होगा क्या?

जवाब : तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती लेवल दो के भर्ती पैटर्न को लेकर शिक्षामंत्री अधिकारियों के साथ फरवरी माह में एक बैठक कर चुके हैं। जहां तक पैटर्न चैंज करने की बात है उस बारे में मुझे ज्यादा पता नहीं है, मंत्री ही तय करेंगे।

शिक्षामंत्री डोटासरा की घोषणा का इंतजार : तृतीय श्रेणी के कुल कितने पदों पर भर्तियां निकाली जाएंगी, एल-2 के किस विषय के कितने पदों पर भर्ती होगी

अभी तक शिक्षामंत्री गोविंदसिंह डोटासरा ने यह भी घोषणा नहीं की है कि तृतीय श्रेणी के कुल कितने पदों पर भर्तिंयां निकाली जाएंगी। एल-2 के किस-किस विषय के कितने-कितने पदों पर भर्तियों होंगी, यह भी तय नहीं है। कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया था कि वे हर साल भर्तियों का कैलेंडर जारी करेंगे। सरकार की ओर से भर्ती कैलेंडर को लेकर अभी तक कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। रीट का पहला एग्जाम 7 फरवरी 2015 को हुआ था। 54 हजार तृतीय श्रेणी शिक्षकों के पदों पर भर्ती के लिए 11 फरवरी 2018 को रीट परीक्षा हुई थी। जिसमें करीब पौने नौ लाख अभ्यर्थी एग्जाम में बैठे थे। इस भर्ती में कुछ पदों पर वेटिंग सहित कई मामले अभी भी कोर्ट में पेंडिंग चल रहे हैं। दो साल बाद भी रीट एग्जाम आयोजित करवाने को लेकर अभी तक कोई विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है। लाखों अभ्यर्थी रीट-2020 की तैयारी कर रहे हैं। रीट का सिलेबस 2012 से चल रहा है। इसके बाद से लेकर आज तक सिलेबस नहीं बदला है। तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती लेवल-2 के भर्ती पैटर्न को लेकर शिक्षामंत्री डोटासरा ने अधिकारियों के साथ फरवरी माह में एक बैठक की थी जिसमें यह तय नहीं हो पाया था कि विषय की अलग से एग्जाम ली जाएगी या फिर बीए का हाल में जो 30 प्रतिशत वेटेज है उसे कम किया जाएगा या नहीं। उन्होंने दूसरी बैठक में इस पर निर्णय लेने की बात कही थी।


रीट शिक्षक भर्ती-2020 की सरकार विज्ञप्ति जारी नहीं कर रही है इससे बेरोजगार असमंजस में है। लेवल-2 के पैटर्न, पदों की संख्या के बारे में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए जिससे लाखों अभ्यर्थियों की परेशानी दूर हो सके।
उपेन यादव, प्रदेश संयोजक,
राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ

भास्कर ने मामले में शिक्षामंत्री गोविंदसिंह डोटासरा से बात कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। शिक्षामंत्री के निजी सचिव हेमंत ने बताया कि शिक्षामंत्री तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती को लेकर एक बैठक कर चुके हूं। जल्द अधिकारियों के साथ दूसरी बैठक करेंगे।अधिकारियों के साथ बैठक के उपरांत नोटिफिकेशन जारी कर देंगे।
खबरें और भी हैं...