- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Sikar
- Sikar News Rajasthan News Corona Virus Samples Of 17 People Who Have Come From Abroad Relief Investigation Report Of All Negative
कोरोना वायरस : अब तक विदेश से आए 17 लोगों के सैंपल लिए, राहत : सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव
जिले में अब तक विदेश से आए 66 लोगों को सूचीबद्ध किया जा चुका है। जिसमें 19 लोगों का 28 दिन का मेडिकल ऑब्जर्वेशन पूरा हो चुका है। 40 यात्री अभी मेडिकल ऑब्जर्वेशन व होम आइसोलेशन में है। 12 मार्च को विदेश से आए 5 नागरिकों को सूचीबद्ध किया गया। ये सभी स्वस्थ हैं। जिले में अब तक बाहर से आए यात्रियों के 17 सैंपल की जांच की गई है, जिनका परिणाम निगेटिव आया है। सभी 66 यात्रियों में 65 यात्री स्वस्थ हैं। सीएमएचअो डॉ अजय चौधरी ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस के संबंध में आमजन को जागरूक करने के लिए कई गतिविधियां की जा रही है। साथ ही घर-घर जाकर आशा सहयोगिनियों द्वारा लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। गांव पिपराली में एएनएमटीसी की छात्राओं ने आमजन को कोरोना वायरस के बारे में जागरूक किया। छात्राओं ने नर्सिंग ट्यूटर सुरेंद्र जांगिड, इंद्राजसिंह, महेश कुमार के नेतृत्व में घर घर जाकर लोगों को कोरोना वायरस के लक्षण व बचाव के बारे में जानकारी दी।
होटल संचालकों को दी हिदायत : उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सीपी ओला ने बताया कि सीकर शहर के रेलवे स्टेशन, जिला अस्पताल सहित सार्वजनिक स्थान व विदेशी पर्यटकों के आने वाले स्थानों पर कोरोना वायरस के प्रति की जागरूकता के लिये प्रचार प्रसार किया जा रहा है। होटलों में आने वाले विदेशी पर्यटकों व जिले में विदेश से आने वाले लोगों के संबंध में सूचना चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को दें।
चिकित्सकों का प्रशिक्षण आज : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना वायरस के बारे में चिकित्सकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण 13 मार्च को लक्ष्मी विवाह स्थल में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में सहायक आचार्य मेडिसिन डॉ मुकेश कुमार वर्मा, डॉ प्रियंका कपूर, डॉ उषा मिश्रा, एपिडिमोलॉजिस्ट डॉ अम्बिका प्रसाद जांगिड़ प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण में सभी जिला स्तरीय अधिकारी, बीसीएमओ, सीएचसी, पीएचसी के प्रभारी अधिकारी व अरबन पीएचसी के प्रभारी भाग लेंगे।
मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस मनाया, काेराना वायरस से बचाव के तरीकों के बारे में किया जागरूक

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस मनाया गया। इसके तहत स्वास्थ्य कर्मियों ने गर्भवती महिलाओं व बच्चों को जीवनरक्षक टीके लगाए। वहीं ग्राम स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कमेटी की बैठक में आमजन को कोरोना वायरस के बारे में जागरूक किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने चिकित्सा संस्थान, आंगनबाड़ी केंद्र, सब सेंटर पर गुरुवार को टीकाकरण किया और पोषण युक्त आहार के बारे में जानकारी दी। चिकित्सा संस्थानों में एमसीएचएन दिवस पर टीकाकरण के लिए आई महिलाओं व पुरूषों को बदलते मौसमी को देखते हुए मौसमी बीमारियों से बचाव तथा विशेष रूप से कोरोना वायरस के बारे में जागरूक किया गया।