पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कुएं से आठ फीट पानी निकालने पर मिला युवती का सिर, शव न लेने पर अड़े परिजन

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मांवडा खुर्द में तीन महीने से लापता युवती का कंकाल मिलने के मामले में तीसरे दिन कुएं से आठ फीट पानी निकालने पर मृतका का सिर बरामद हुआ। हालांकि परिजन दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव नहीं लेने पर अड़े रहे। मामले में शनिवार रात मृतका के पिता मूलचंद की रिपोर्ट पर सरपंच विनोद जाखड़, कांस्टेबल रामसिंह व नरेश खटीक के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म व अपहरण का मामला दर्ज किया गया। सीआई सुरेन्द्र सैनी ने बताया कि युवती का शव मिलने के बाद से पुलिस सिर बरामद करने के लिए प्रयास कर रही थी। कुएं में भी दो-तीन बार तलाश कराई गई, लेकिन पानी होने से सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह मोटर लगाकर कुएं से आठ फीट पानी खाली कराया गया। इसके बाद कीचड़ में फंसा सिर बरामद हुआ। इसे अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया। पुलिस दिनभर मृतका सपना का पोस्टमार्टम कराने व शव लेने के लिए परिजनों को समझाती रही, लेकिन वे दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव नहीं लेने पर अड़े रहे। सपना 23 नवंबर 2019 को घर से शौच के लिए निकली थी जो वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने सदर पुलिस में सपना के गुमशुदा होने का मामला दर्ज करवाया था। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर युवती को बरामद करने की मांग उठाई थी। इस पर 23 लोगों के खिलाफ रास्ता रोकने का प्रकरण दर्ज किया गया था। युवती का बिना सिर का कंकाल मिलने पर शनिवार को ग्रामीण परिजनों के साथ एसपी गगनदीप सिंगला से मिले थे।

खबरें और भी हैं...