होली पर सालासर और दिल्ली रूट पर 15 बसों के फेरे बढ़ाए
महिला दिवस पर राज्य सरकार की निशुल्क रोडवेज बस यात्रा व होली पर बढ़े यात्रीभार को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ाए गए है। रविवार को दिनभर राजस्थान रोडवेज की बसों में महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सरकार की निशुल्क बस यात्रा सुविधा का लाभ उठाया। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार यात्रीभार दोगुना हो गया।
अमूमन बस डिपो आगार से यात्रीभार 75 से 80 फीसदी तक रहता है। सीकर आगार प्रबंधन के अधिकारियों के अनुसार रविवार को महिला दिवस पर यात्रीभार 140 से 150 फीसदी के करीब पहुंच गया। सबसे ज्यादा भीड़ जयपुर, नीमकाथाना, सालासर, मार्ग पर चलने वाली बसों में रही। महिला दिवस व होली पर बढ़ते यात्री भार को ध्यान में रखते हुए सीकर आगार ने 15 बसों से अतिरिक्त फैरे लगवाए। इसमें 6 बसों को सालासर रूट पर भेजा गया।
इसके अलावा बाकी अन्य बसों को नीमकाथाना होते हुए दिल्ली तक चलाया गया। अतिरिक्त उन्हीं बसों को लगाया गया जो अपना एक परिचक्र पूरा करने के बाद ऑफ हो जाती थी, लेकिन यात्री भार को ध्यान में रखते हुए रविवार शाम तक 15 अतिरिक्त फैरे लगवाए गए। खाटू मेले के दौरान दिल्ली में 10 अतिरिक्त बसों को रोक दिया गया। सभी बसों का संचालन होली एवं महिला दिवस के ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। जबकि दिल्ली रूट पर सामान्य समय में 26 बसाें का संचालन किया जाता है।