अधिकारियों ने रींगस से खाटू धाम पदयात्रा कर खुशहाली की प्रार्थना की
बाबा श्याम के 10 दिवसीय वार्षिक लक्खी फाल्गुन मेले के समापन के बाद पुलिस प्रशासन व श्री श्याम मंदिर कमेटी ने रींगस से खाटूधाम तक निशान पदयात्रा कर बाबा श्याम के मन्नत का निशान चढ़ाकर मनोकामनाएं मांगी। निशान पदयात्रा रींगस खाटूमोड़ से निशानों की पूजा अर्चना के बाद एसपी डॉ. गगनदीप सिंगला व विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जगतसिंह पंवार के नेतृत्व में शुरू हुई।
रींगस से खाटू धाम तक बाबा श्याम के जयकारों के साथ खाटूधाम पहुंचे और बाबा श्याम कोे निशान अर्पित कर जिले में अमन-चैन की कामना की। पदयात्रा में एएसपी देवेंद्र कुमार शर्मा, डीवाईएसपी बलराम सिंह मीणा, थाना प्रभारी मनीष कुमार शर्मा, सीआई श्रीचंद, सीआई सुरेंद्र सैनी, सीआई पवन कुमार चौबे, सीआई कमल कुमार सहित श्री श्याम मंदिर कमेटी के प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में मंदिर कमेटी का प्रशासन भी शामिल हुआ।
इस दौरान जगह-जगह चंग-ढप पर मंडावा के कलाकारों द्वारा धमाल की प्रस्तुति देकर पदयात्रियों की हौसला अफजाई की। गौरतलब है कि बाबा श्याम का वार्षिक लक्खी फाल्गुनी मेला इस बार 27 फरवरी से सात मार्च तक आयोजित हुआ था और उसमें करीब 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के
दरबार में दर्शन कर मनौतियां
मांगी। श्री श्याम मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित धमाल कार्यक्रम का भी आनंद लिया। इस अवसर पर श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शंभुसिंह चौहान व मंत्री कालूसिंह चौहान ने पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया।