2036 तक राष्ट्रपति रहना चाहते हैं पुतिन, संविधान बदलने का प्रस्ताव
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि वह उस कानून का समर्थन करेंगे, जिसके लागू होने पर उन्हें 2024 में राष्ट्रपति के रूप में पांचवां कार्यकाल चलाने की अनुमति मिलेगी। अप्रत्याशित रूप से रूस की संसद के निचले सदन में 27 साल पुराने संविधान को बदलने का प्रस्ताव लाया गया है। यह प्रस्ताव पारित होता है तो पुतिन 2036 तक राष्ट्रपति बने रह पाएंगे। संसद के निचले सदन ड्यूमा में यह प्रस्ताव रखा गया है। पुतिन ने कहा कि उनका मानना है कि उन्हें रूस की स्थिरता के लिए फिर से सत्ता में आना चाहिए। भले ही भविष्य के अध्यक्षों के लिए दो कार्यकाल की बाध्यता कायम रहे। ड्यूमा में यूनाइटेड रशिया पार्टी बहुमत में है, इसलिए माना जा रहा है कि प्रस्ताव पास हो जाएगा। इससे पुतिन को छह-छह साल के लिए दो और कार्यकाल पूरा करने का मौका मिल जाएगा। पुतिन का मौजूदा कार्यकाल 2024 में पूरा होने वाला है। पुतिन ने सांसद वेलेंतीन तेरेशकोवा की ओर से लाए गए प्रस्ताव का समर्थन किया है, जिन्होंने राष्ट्रपति पद के लिए दो कार्यकाल को समाप्त करने का प्रस्ताव दिया है।