- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Sikar
- Sikar News Rajasthan News Trail Hundreds Of Youths Besieged With Writ And Recruits After Giving Clarification On The Tweet Of Young Minister Datasara
शिक्षामंत्री डाेटासरा युवक के ट्वीट पर सफाई देने से हुए ट्राेल, सैकड़ाें युवकाें ने रीट और भर्तियाें काे लेकर घेरा
शिक्षा राज्यमंत्री गोविंदसिंह डोटासरा को एक छात्र के ट्वीट का जवाब देना भारी पड़ा गया। छात्र गुरप्रीत ने शनिवार को ट्वीट किया था कि फीस के चलते जेआईइटी, जोधपुर के बच्चे परेशान हैं और मंत्री साहेब कुंभकर्णी नींद में है, जनाब उठो। ट्विटर चला ही क्यों रहे हो अगर जनता को जवाब नहीं देना। छात्र ने इस ट्वीट में राहुल गांधी को भी टैग करते हुए लिखा कि कांग्रेस के ये हाल है राजस्थान में। इस पर शिक्षामंत्री ने जवाब में लिखा कि नींद में आप लगते हैं बंधु, किस मंत्री के पास कौनसा विभाग है, अपनी जानकारी दुरुस्त करिए। इतना लिखते ही विद्यार्थी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयार कर रहे अभ्यर्थियों ने ट्वीट करने शुरू कर दिए। अभ्यर्थियों ने रीट भर्ती-2020, स्कूल लेक्चरर, द्वितीय श्रेणी के खाली पदों, परीक्षा के समय में भी बिजली कटौती, बेरोजगारी सहित अन्य मुद्दों को लेकर सैकड़ों पोस्ट की। एक युवक राजेश बगड़िया ने कमेंट किया कि रीट का सिलेबस जारी करने का टेंडर किसी सरपंच के पास तो नहीं है। जेआईइटी के स्टूडेंट ने लिखा कि ये मामला भी शिक्षा से ही जुड़ा है, हेल्प तो आप भी कर सकते हैं। दूसरे विभाग का मामला बता आप जिम्मेदारी से नहीं बच सकते। चुनाव फिर आने हैं, याद रखना। एक युवक कुलदीप नेहरा ने लिखा कि मंत्रीजी जो विभाग आपके पास है उसमें तो जगे हुए हैं क्या आप। एक घंटे बाद ही युवक ने ही मंत्री के घर से महज कुछ दूरी पर जमा कचरे के ढेर की फोटो पोस्ट की। कई लोगों ने गंदगी की फोटो को शर्मनाक बताया।
मंत्री को गिना दी शिक्षा विभाग की कई खामियां
मुकेश कुमार ने लिखा सेकंड ग्रेड-2018 वालों की भी सुन लो। कछुआ चाल चलते हुए बहुत दिन हाे गए हैं, अब संभल जाओ वरना आपका कुछ नहीं हो सकेगा। भगवानाराम ने रीट का सिलेबस व पैटर्न जारी करने की मांग की। जितेंद्र भार्गव ने सरदारशहर के अड़सीसर के विद्यालय में भूगोल विषय व साइंस संकाय स्वीकृत करवाने के मांगपत्र डाले और कहा कि इतनी बार विनम्र अपील के बाद भी आपने कोई जवाब नहीं दिया। कंवराराम ने री-ट्वीट किया कि शिक्षामंत्री अब आप बदल गए हो, जब आप विपक्ष में थे तो बहुत चिल्लाते थे। यह क्या वोट लेने का तरीका था। जितेंद्र ने लिखा वादाखिलाफी सरकार की जय हो। एक अभ्यर्थी लक्ष्मी रावत ने लिखा रीट-2016 साइंस मैथ्स कुल 927 पद जिसमें से 887 पद खाली पड़े हैं। रीट-2017 साइंस मैथ्स में कुल 427 पदों में से 350 पद खाली पड़े हैं। वेटिंग लिस्ट का इंतजार है। एक युवक नरेश पारीक ने मुख्यमंत्री जनसंपर्क प्रकोष्ठ का पत्र डालते हुए लिखा कि ये विभाग तो आपका ही है। इसमें सितंबर में व्याख्याता भर्ती परीक्षा को लेकर घोषणा दी हुई है। अभ्यर्थियों ने एससी, एसटी बैकलॉग भरने, व्याख्याता, ग्रेड सेकंड सहित अन्य अध्यापकों को पदोन्नत करने सहित अन्य मुद्दों को लेकर कमेंट किए।
भास्कर व्यू : मंत्री पूरी सरकार के प्रतिनिधि, एेसे जवाब गैर जिम्मेदाराना
शिक्षामंत्री भले ही छात्र के ट्वीट में कुंभकर्णी नींद जैसे अमर्यादित शब्द से उत्तेजित हाे गए हाें। लेकिन उनका उत्तेजित हाेना अाैर एेसा जवाब देना कि नींद में अाप हाे, किस मंत्री के पास काैनसा विभाग है, अपनी जानकारी दुरुस्त कर लें, यह भी उचित नहीं है। संभवतया वे साेशल मीडिया पर हैं भी इसीलिए कि जनता तक अपनी बात पहुंचा सकें। जनता की शिकायतें उन तक पहुंचती रहे। बेहतर हाेता अगर वे यह लिख पाते कि -भले ही यह शिकायत मेरे विभाग की नहीं, फिर भी अापकी बात संबंधित तक पहुंचाने का प्रयास करूंगा।
ट्विटर हो या मंत्री आवास - एक जैसी सफाई
ट्विटर पर शिक्षामंत्री ने सफाई देकर जिस तरह खुद का पल्ला झाड़ा उसी तरह नगर परिषद ने भी उनके आवास के बाहर सफाई की रस्म अदायगी कर दी। नगर परिषद का दावा है कि रविवार को डोटासरा के घर के बाहर सफाई करवाई गई, लेकिन दोपहर बाद वहां वापस ऐसे हालात थे।
साेशल मीडिया पर बवाल के बावजूद नहीं बदली मंत्री अावास के बाहर सफाई व्यवस्था की बदहाल तस्वीर
ट्विटर पर शिक्षा राज्यमंत्री के ट्रोल होने और विधायक आवास के पास बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर ट्वीट की गई तस्वीर के हालात दूसरे दिन रविवार को भी नहीं बदले। दैनिक भास्कर ने दूसरे दिन भी मौके की स्थिति का पता लगाया तो गली के किनारे पर कचरा जमा था। आवारा पशु कचरे के बीच बैठे नजर आए। मामले में नगर परिषद आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई का कहना है कि मंत्री से मामले की जानकारी मिली थी। इसके बाद इंस्पेक्टर को भेजकर सफाई करवाई गई थी। डोर टू डोर कचरा संग्रहण की गाड़ी आने के बावजूद दुकानदार व अन्य लोग यहां कचरा डाल देते हैं। आम रास्ते पर कचरा नहीं डालने के लिए पाबंद किया जाएगा।