पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

धोखाधड़ी के मामले में फंसे चेयरमैन मेवाड़ा

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नगरपरिषद के चेयरमैन महेंद्र मेवाड़ा एक जमीन मामले में विवाद में फंस गए हैं। नगर की एक काॅलोनी में भूखंड खरीद-फरोख्त मामले में उन पर धोखाधड़ी करने का आरोप है। परिवादी ने इस मामले को लेकर पुलिस की शरण लेकर उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया है। रिपोर्ट में आरोप है कि मेवाड़ा से उसने 10 भूखंड खरीदकर उसके बदले 21 लाख रुपए दिए। बाद में रजिस्ट्री व कब्जा सौंपने का कहा तो वे लगातार टालमटोल करते रहे। रिपाेर्ट पर कोतवाली पुलिस ने मेवाड़ा के खिलाफ यह मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही सीओ ने जांच कोतवाली प्रभारी को सौंपी है। जांच में जमीन से जुड़े दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।

कोतवाली प्रभारी बुद्धाराम विश्नोई ने बताया कि जोधपुर के सूरसागर इलाके में रहने वाले रामनिवास डांगा ने शनिवार को रिपोर्ट देकर कहा कि उसने सिरोही में वैद्यनाथ वासह कॉलोनी में महेंद्र मेवाड़ा से 10 भूखंड गत 14 अगस्त 18 को खरीदे थे। इसके लिए उसने 21 लाख रुपए देकर बाकायदा लिखा-पढ़ी करवाई। बाद में मेवाड़ा से जमीन का कब्जा देने व रजिस्ट्री करवाने के लिए कई बार कहा, लेकिन मेवाड़ा ने कोई संतुष्टीपूर्ण जवाब ही नहीं दिया। बार-बार आग्रह करने के बाद भी सुनवाई नहीं होने पर उसने नोटिस भी भिजवाया था। उसके जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर उसने 6 सितंबर काे आम सूचना प्रकाशित करवाई। इसके बाद उसे एडवोकेट का नोटिस मिला कि इस जमीन की लिखा पढ़ी महेंद्र मेवाड़ा के पिता से कर रखी है। रिपोर्ट में बताया कि उससे रुपए वसूलने की नीयत से इस भूमि के संबंध में पुराने दस्तावेजों का दुरुपयोग किया है। इधर, सीअाे अंकित जैन ने बताया कि उनके पास यह मामला आया था, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच कोतवाली थानाधिकारी बुद्धाराम विश्नोई को सौंप दी है।

प्रार्थी की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया है। दोनों पक्षों से दस्तावेज मंगवाए हैं। महेंद्र कुमार मेवाड़ा ने बताया कि दस्तावेज जोधपुर है जो कि दो दिन बाद पेश करेंगे। जांच के बाद सामने आएगा कि शिकायत सही है या गलत है।
-बुद्धाराम विश्नोई,
कोतवाली थानाधिकारी, सिरोही

यह मामला पूरा झूठा व फर्जी है। मुझे बदनाम और ब्लैकमेल करने की नीयत से मामला दर्ज करवाया है। मेरे पास सभी दस्तावेज मौजूद हैं। जांच में यह साबित हो जाएगा।
-महेंद्र कुमार मेवाड़ा, सभापति
खबरें और भी हैं...