एसडीएम ने शिवगंज अस्पताल का किया निरीक्षण
एसडीएम भागीरथराम चौधरी ने गुरुवार को शिवगंज राजकीय सामुदायिक अस्पताल का निरीक्षण किया एवं भवन परिसर व वार्डों में सफाई व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए। एसडीएम चौधरी ने प्रसव कक्ष, वार्डों, टेलीमेडिसीन कक्ष, प्रयोगशाला कक्ष का गहनता से निरीक्षण किया एवं टेलीमेडिसीन का प्रचार-प्रसार करवाने की जरूरत बताई। चौधरी ने कहा कि टेलीमेडिसीन की सुविधा जिला चिकित्सालय सिरोही के अलावा सिर्फ शिवगंज अस्पताल में उपलब्ध है, जिसकी जानकारी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में दी जानी आवश्यक है, ताकि मरीज इससे लाभान्वित हो सके। चौधरी ने मुख्यमंत्री निशुल्क जांच योजना में होने वाली सभी जांचों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जिला औषधि केंद्र पर मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना के तहत आने वाली सभी दवाइयों की उपलब्धता अस्पताल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पहले एसडीएम ने अस्पताल पहुंचते ही उपस्थिति रजिस्ट्रर का निरीक्षण किया, जिसमें ३८ अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित पाए गए। जबकि ७ अधिकारी व कर्मचारी अवकाश पर थे। ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशल औहरी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान एसडीएम चौधरी के साथ प्रशिक्षु आरएएस दूदाराम हुड्डा, अस्पताल प्रभारी डॉ. गोपालसिंह, नर्स ग्रेड प्रथम दिनेश परिहार, प्रदीप गर्ग भी मौजूद थे।
शिवगंज. राजकीय सामुदायिक अस्पताल का एसडीएम ने निरीक्षक किया।