- Hindi News
- National
- Sirohi News Rajasthan News Smuggling From Udaipur Sirohi Forests To Gujarat Seized 360 Cartons Of Liquor From Truck
उदयपुर-सिरोही के जंगलों से गुजरात तक तस्करी, ट्रक से शराब के 360 कार्टन जब्त
पुलिस की ओर से हाईवे पर अवैध शराब परिवहन के खिलाफ हो रही लगातार कार्रवाई के बाद शराब तस्कर अपना रूट बदल रहे है। शराब तस्कर अब हाईवे छोड़ जगंलों से शॉर्टकट लेकर सीधे गुजरात पहुंचने की फिराक में है। ऐसा ही मामला गत सोमवार को सामने आया। रोहिड़ा थाना क्षेत्र के रणोरा रोड पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक ट्रक जब्त किया, जिसमें 360 कार्टन अंग्रेजी शराब मिली। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक समेत शराब की बाजार कीमत लगभग 40 लाख रुपए आंकी है। एसपी कल्याणमल मीणा ने बताया कि गुजरात-राजस्थाान सीमा पर शराब तस्करी को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरोही हर्ष र|ू व उप अधीक्षक पिंडवाड़ा किशोरसिंह चौहान के निर्देश पर रोहिड़ा थाना अधिकारी हरिओम मीणा, कांस्टेबल नेनाराम, राजेश कुमार ने रणोरा रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक आइसर ट्रक रुकवाया और जांच की।
उदयपुर से गुजरात जाने के लिए तस्करों का शॉर्टकट बन गया है दानबोर तिराहा
गुजरात राज्य में नशाबंदी होने के कारण शराब तस्कर शराब को अवैध तरीकों से गुजरात पहुंचा रहे है। हाईवे पर लगातार कार्रवाई होने के कारण तस्कर अब जंगल के रास्ते गुजरात पहुंच रहे है और इसके लिए उदयपुर से गुजराज जाने के लिए दानबोर तिराहा तस्करों का शॉर्टकट बन रहा है। रोहिड़ा थाना क्षेत्र का दानबोर तिराहे से सटी गुजरात सीमा होने से राजस्थान से गुजरात राज्य में अवैध शराब व डोडा पोस्त की तस्करी आसानी से होती है। रोहिड़ा थाना क्षेत्र में उदयपुर से होकर मोरस, वालोरिया, मांडवाड़ा देव गांव से सनवाड़ा आर व भुला गांव होकर दानबोर तिराहे से आए दिन शराब व डोडा पोस्त की तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस भी अब हाईवे पर सख्त हो गई है। इस कारण तस्कर इन रास्तों से गुजरात जाने की फिराक में रहते है।
इसी रास्ते पर पहले भी
हो चुकी है कार्रवाई
केस- 1 : रोहिड़ा पुलिस ने एक साल पहले राजस्थान से गुजरात में शराब तस्करी करते पाए जाने पर 5 लग्जरी कार जब्त की थी तथा उसमें से अवैध शराब बरामद की थी।
केस- 2 : रोहिड़ा पुलिस ने करीब दो साल पहले दानबोर तिराहे पर गुजरात में शराब तस्करी करने की नियत से एक गोदाम में अवैध शराब शराब की खेप बरामद की थी।
केस- 3 : दो साल पहले पुलिस ने मोरस से होकर वालोरिया होते हुए गुजरात डोडा पोस्त की तस्करी की सूचना पर रोहिड़ा के तत्कालीन थानाधिकारी भगवतसिंह ने वालोरिया मे नाकाबंदी की थी। गाड़ी रुकवाने पर डोडा पोस्त के तस्करों ने थानाधिकारी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की थी, वे बाल-बाल बचे थे।
रोहिड़ा पुलिस ने ट्रक में गुजरात ले जाई जा रही शराब बरामद की।