- Hindi News
- National
- Abu Road News Rajasthan News The Administration Removed 7 Of The 20 Encroachments On The Drain Near The Old Checkpost
पुराना चैकपोस्ट के पास नाले पर बने20 में से 7 अतिक्रमण प्रशासन ने हटाए
नायब तहसीलदार विकास सारण, भू-अभिलेख निरीक्षक कुंजबिहारी झा एवं हल्का पटवारी दीपक गरासिया की अगुवाई में शहर के पुराना चेकपोस्ट क्षेत्र में प्राकृतिक बहाव के नाले पर किए गए सात अतिक्रमणों को गुरुवार शाम को हटवा दिया गया। हालांकि, यहां पर प्रशासन की ओर से सर्वे के बाद इस प्रकार के 20 अतिक्रमण चिंहित किए गए थे। लेकिन, शेष कब्जाधारकों के पास पट्टे होने एवं कोर्ट में मामला विचाराधीन होने से न्यायालय के माध्यम से इन्हे खारिज करने की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार इस मामले में सातपुर आबूरोड निवासी कांतिलाल उपाध्याय व रीको कॉलोनी आबूरोड निवासी सुरेन्द्रसिंह चौधरी ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका प्रस्तुत कर बताया था कि खसरा संख्या 522 एवं 970 गैरमुमकिन नाला एवं खसरा संख्या 590 रास्ता है। यहां पर अतिक्रमण कर लिया है। इसके बाद कोर्ट की ओर से कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित कमेटी को जांच कर अग्रिम कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसके बाद प्रशासन की ओर से सर्वे कर इन 20 अतिक्रमणों को चिंहित किया गया था।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान लोगों ने भेदभाव का लगाया आरोप
उधर, इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन की ओर से नाले एवं इसके पास रखे कई अन्य केबिनों को नहीं हटाया। ऐसे में क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त हो गया। जिस नाले से अतिक्रमण हटवाया गया उस पर पीछे की ओर स्थित भूखंड मालिक की ओर से बकायदा पक्का निर्माण करवाकर इसके अस्तित्व को नुकसान पहुंचाया गया है। इसके बाद भी इसे नजरअंदाज कर दिया गया। नगरपालिका उपाध्यक्ष गणेश आचार्य ने तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार दिनेश शर्मा को ज्ञापन सौंपा। इस मामले में भेदभावपूर्ण कार्यप्रणाली अपनाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्षता से कार्रवाई कराने की मांग की।
एक सप्ताह पूर्व अतिक्रमण हटाने के लिए तहसीलदार ने दिए थे नोटिस
आबूरोड तहसीलदार दिनेश आचार्य की ओर से संबंधित अतिक्रमियों को एक सप्ताह पूर्व नोटिस जारी कर अतिक्रमणों को हटाने के आदेश दिए गए थे। लेकिन, इन लोगों ने इन्हे नहीं हटाया। गुरुवार दोपहर बाद नायब तहसीलदार, भू-अभिलेख निरीक्षक एवं हल्का पटवारी अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। संबंधित लोगों को अतिक्रमण हटवाने के लिए आधा घंटे का और समय दिया। अधिकांश लोगों ने अपनी दुकानों के बाहर लगाए गए टीनशेड को स्वयं के स्तर पर ही हटवा दिया। इसके बाद जेसीबी की सहायता से वहां पर रखे एक केबिन को तोड़कर हटा दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान सर्वे के बाद चिंहित किए गए 20 अतिक्रमणों में से 7 को वहां से हटवा दिया गया।
कोर्ट स्टे एवं पट्टों को खारिज कराने के लिए करेंगे कार्रवाई
सेंट एंसलम स्कूल का भी एक हिस्सा नाले पर है। करीब दो साल पहले यूआईटी की ओर से इसे सीज किया गया था। वर्तमान में वहां पर कोर्ट से स्टे है। शेष जिन भी मामलों में स्टे या फिर पट्टे है तो उन्हें खारिज करवाने के लिए कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। अगर कहीं पर अतिक्रमणों को नजरअंदाज किया है तो उन्हें हटवा देंगे।
-दिनेश आचार्य, तहसीलदार, आबूरोड
आबूरोड. पुराना चैकपोस्ट के पास हुए अतिक्रमणों को प्रशासन की ओर से हटाया गया।