- Hindi News
- National
- Abu Road News Rajasthan News The Team Reached To Investigate The Complaint Of Encroachment On The Natural Drainage Stream
प्राकृतिक बहाव के नाले पर अतिक्रमण की शिकायत की जांच करने पहुंची टीम
शहर के पुराना चेकपोस्ट क्षेत्र में प्राकृतिक बहाव के नाले पर क्षेत्रवासियों की ओर से की गई शिकायत के बाद भू-अभिलेख निरीक्षक कुंजबिहारी झां, हल्का पटवारी दीपक गरासिया एवं सुनीता मीणा की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रिकार्ड के अनुसार नाले को नापकर पैमाइश की। प्रशासन की ओर से यहां पर गुरुवार को नाले के पीछे की ओर स्थित भूखंड मालिक एवं एक शराब केबिन समेत कई अतिक्रमणों को नजरअंदाज किया गया था। इसके बाद लोगों ने शुक्रवार को तहसीलदार दिनेश आचार्य को अतिक्रमण हटवाने में भेदभाव बरतने का आरोप लगाते हुए निष्पक्षता से कार्रवाई करवाने की मांग की। ज्ञापन में बताया कि पुराना चेकपोस्ट में ओवरब्रिज के पास पश्चिम दिशा में रेलवे लाइन की ओर प्राकृतिक बहाव एवं सरकारी भूमि स्थित है। इस नाले के पास उनके द्वारा हाथ लारियां खड़ी करके अपने परिवारों का पालन-पोषण किया जा रहा था। जिन्हें प्रशासन ने हटवा दिया। जबकि, नाले के पीछे की ओर रीको कॉलोनी, आबूरोड निवासी सुरेन्द्र चौधरी की भूमि स्थित है। इसमें आरोप लगाया गया है आरोपी की ओर से इस भूमि की आड़ पर नाले पर अतिक्रमण कर इसके मूल स्वरुप को नुकसान पहुंचाने के साथ ही सरकारी भूमि को हथियाने का प्रयास किया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने गए तहसीलकर्मियों को इसकी जानकारी होने के बाद भी जानबूझकर नजरअंदाज किया गया। ज्ञापन देने वालों में मुकेश कुमार, रतन, पुखराज, अमरदीप, संजय, मांगीलाल, दीपचंद, संजय, रामलाल, अशोक सैन, निलेश सैन, किशन, रमेश बारोट व सददाम मौजूद है।
क्षेत्रवासियों की शिकायत के बाद मौके पर टीम भेजी गई है। पारम्परिक बहाव के नाले का रिकार्ड के अनुसार माप करवाया जा रहा है। टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -दिनेश आचार्य, तहसीलदार, आबूरोड