- Hindi News
- National
- Abu Road News Rajasthan News Today Both The Weather And The Day Are Cold Sheetla Mata Will Feel The Enjoyment Of Basoda
आज मौसम और दिन दोनों ही ठंडे, शीतला माता को लगेगा बासोड़े का भोग
आबूरोड में आज बनेगा बासोड़ा, कल मनाई जाएगी शीतला सप्तमी
आबूरोड क्षेत्र में सोमवार को शीतला सप्तमी पर्व पारम्परिक रीतिरीवाज के अनुसार मनाया जाएगा। मंदिरों में विधिविधान के साथ माताजी की पूजा-अर्चना की जाएगी। रविवार को घरों में माताजी को भोग लगाने के लिए विभिन्न प्रकार के पकवान बनाए जाएंगे और सोमवार को शीतला माता को भोग लगाएंगे।
शहर के पुरानी बड़ी सब्जी मंडी स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में रविवार से कई प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम होंगे। रविवार दोपहर 12 बजे माताजी को ध्वजा चढाई जाएगी। इसके बाद जलाभिषेक कर उनका श्रृंगार किया जाएगा। रात 9 बजे से भजन संध्या कार्यक्रम होगा। इसमें जगदीश आचार्य एंड पार्टी के साथ अनू मिश्रा जयपुर व गोपाल सेन जयपुर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। रात 12 बजे प्रसादी वितरित की जाएगी। इस क्रम में कुम्हार मोहल्ला, मानपुर, आबकारी, गांधीनगर व नयाखेड़ा सहित शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में माताजी मंदिरों में तैयारियों का दौर चलता रहा।
सिरोही और आबूरोड में अलग-अलग दिन शीतला सप्तमी मनाने के पंडितों ने बताए कारण
सिरोही : वैभव क्रांतिक योग होने से नहीं लगेगा वार का दोष : सिरोही स्थित शीतला माता मंदिर के पुजारी ओम प्रकाश वैष्णव व ज्योतिष एवं वास्तुविद आचार्य प्रदीप दवे ने बताया कि शीतला माता का पूजन अल सुबह वैभव क्रांतिक योग में सवेरे 2.31 बजे से दोपहर 1.11 बजे तक तथा दोपहर 2.16 बजे से 8.15 बजे तक श्रेष्ठ रहेगा। इस दिन अनुराधा नक्षत्र होने से वीदर पेटरा में रहता है। इसलिए वीदर का दोष नहीं लगता। साथ ही इस दिन वैभव क्रांतिक योग होने से वार का दोष भी नहीं लगता है। इसलिए इस दिन शीतला माता का पूजन अतिश्रेष्ठ रहेगा।
भास्कर न्यूज | सिरोही
शीतला सप्तमी का पर्व इस बार जिले में दो दिन मनाया जाएगा। इसमें सिरोही में रविवार को और आबूरोड में सोमवार को शीतला माता को ठंडे का भोग लगेगा। सिरोही और आबूरोड में अलग-अलग दिन शीतला सप्तामी मनाने का दोनों ही जगहों के पुजारियों ने अलग-अलग तर्क दे रहे है। इधर, शीतला सप्तमी को ठंडा दिन भी कहा जाता है और इस बार अभी तक मौसम भी ठंडा बना हुआ है। इसलिए आज दिन के साथ मौसम भी ठंडे का है। अबकी बार अभी तक रात का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और दिन का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस पर है, जिससे मौसम में ठंडक घुली हुई है। रविवार को जिला मुख्यालय पर शीतला माता का वार्षिक मेला रविवार को धूमधाम से भरेगा।
सरूपगंज | समीपवर्ती पेशुआ गांव में एक दिवसीय शीतला सप्तमी को भरने वाला मेला रविवार को भरा जाएगा। सरपंच मनोहरदान आढ़ा व सचिव ईश्वर रावल ने बताया कि हर वर्ष पेशुआ गांव में भरने वाले शीतला माता का मेला रविवार को भरा जाएगा। इस मेले में आसपास गांव के लोग दर्शन कर मेले का आनंद उठाते है। यह एक दिवसीय मेले में पेशुआ समेत आसपास के ग्रामीण भाग लेते है।
आबूरोड : खाली वार होने से रविवार को नहीं होगी पूजा : पुरानी बड़ी सब्जी मंडी स्थित शीतला माता मंदिर के पं. रामावतार शर्मा ने बताया कि रविवार खाली वार होने से शीतला माता की पूजा-अर्चना नहीं की जाती। इसलिए सोमवार के दिन शीतला सप्तमी मनाई जाएगी और इसी दिन माता की पूजा-अर्चना कर ठंडे का भोग लगाया जाएगा।
सिरोही. शीतला सप्तमी को लेकर मंदिर में की गई सजावट।