चुनावी जैतारण में गरजे योगी
भाजपा के फायर ब्रांड नेता व यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को रास पहुंचे। उन्होंने यहां जैतारण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अविनाश गहलोत के समर्थन में सभा को संबोधित कर भाजपा को जिताने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश को कांग्रेस मुक्त करना जरूरी है। यह गांधीजी का सपना था। कांग्रेस मुक्त देश होने पर ही देश का विकास होगा। कांग्रेस हमेशा अराजकता की जड़ रही है। आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार को जन्म दिया है।
जैतारण से सटे रास की जस्सानाथ मंडी में सभा के लिए योगी आदित्यनाथ तय समय से करीब 3 घंटे देरी से आए। बावजूद इसके बड़ी संख्या में भीड़ उनका इंतजार करती रही। करीब 10 मिनट के भाषण में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर सीधे प्रहार किए। योगी ने कहा कि राहुल गांधी पर उनके नेता ही विश्वास नहीं करते हैं। उनके नेता कहते हैं जहां राहुल जनसभाओं को संबोधित करते हैं वहां हार तय मानी जाती है। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किए कार्यों की उपलब्धियों का बखान कर पार्टी के पक्ष में वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के जवानों की शहादत का अपमान किया। कांग्रेस आतंकवादियों को बिरयानी खिलाती है, लेकिन भाजपा आतंकवादियों को सिर्फ गोलियां खिलाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सम्मान व स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं करती है। चुनावी जनसभा को राजसमंद सांसद हरिआेमसिंह राठौड़, सोजत विधायक संजना आगरी, जिलाध्यक्ष करणसिंह नेतरा, पूर्व प्रधान मल्लाराम सीरवी, कमला चौहान, भाजपा प्रत्याशी अविनाश गहलोत, देवराम कटारिया, संतोष वैष्णव आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दिग्विजयसिंह राठौड़, कानसिंह उदेशी कुआं, लूणकरण जैन, रमेश भाटी, देवेंद्रसिंह गोपालपुरा, गौतम पहलवान, महेंद्र मेघवंशी आदि मौजूद थे।
17 बार फेल हो गए, अब तो रहम करो : योगी ने कहा कि राहुल गांधी पर उनके नेता ही विश्वास नहीं करते हैं। उन्होंने लगातार 17 चुनावों में हार पर कटाक्ष के लिए एक इंजीनियरिंग छात्र के 17 बार फेल होने व न्यायालय की टिप्पणी का उदाहरण दिया। कहा कि कोई 17 बार फेल हो जाता है, फिर वो पास होकर क्या कर सकता है। यही हाल राहुल गांधी का है। उनके नेतृत्व में 17 बार हारने के बाद उनको कोई कोशिश नहीं करनी चाहिए।
कांग्रेस आतंकवादियों को बिरयानी खिलाती है, भाजपा सिर्फ गोलियां
कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा - कांग्रेस हमेशा अराजकता की जड़ रही है, आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार को जन्म दिया है
जैतारण. रास में प्रतिमा पर माल्यार्पण करते सीएम योगी आदित्यनाथ।
मंच पर संतों के सानिध्य में हुआ योगी का स्वागत
जस्सानाथ मंडी पर आयोजित चुनावी जनसभा में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी का संतोें के सानिध्य में स्वागत किया। इस मौके जस्सानाथ मंडी के गादीपति संत नारायणनाथ, संध्यानाथ महाराज, हरिरारामदास तपस्वी, कैलाशनाथ महाराज आदि मौजूद थे।
जस्सानाथ मंडी में यूपी के सीएम ने किए दर्शन
चुनावी जनसभा में पहुंचने पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जस्सानाथ मंडी परिसर पहुंचे। जस्सानाथ महाराज के मंदिर में दर्शन कर संतों से रूबरू हुए। उन्होंने प्राण-प्रतिष्ठा में नहीं आकर अब आने का बोला था।
हनुमानजी का उदाहरण लेकिन विवाद हुआ तो जाति का उल्लेख नहीं
योगी आदित्यनाथ द्वारा हनुमानजी को वंचित वर्ग का बताए जाने पर उठे विवाद का असर रास की सभा में भी देखने को मिला। यहां उन्होंने मतदाताओं को सिर्फ हनुमानजी का उदाहरण देकर उन्हीं की तरह काम करने का आह्वान किया। श्रीराम का कार्य किए बिना हनुमानजी को विश्राम कहां, इसी तरह एक-एक भाजपा कार्यकर्ता को पांच-पांच लोगों को वोट डलवाकर जीत सुनिश्चित करने का काम करना चाहिए।
3 घंटे का इंतजार, भाषण सिर्फ 10 मिनट का
चुनावी जनसभा में लोगों का सुबह दस बजे से ही आने का सिलसिला शुरू हो गया था। जनसभा दोपहर 2 बजे के बाद शुरू होने से जनता को लंबा इंतजार करना पड़ा।