- Hindi News
- National
- Malpura News Rajasthan News Daily Arrival Of Ten Thousand Sack Mustard Increase In Revenue Income Yet The Facilities In The Market
दस हजार बोरी सरसों की रोज आवक, राजस्व आय में वृद्धि, फिर भी मंडी में सुविधाओं का टोटा
कृषि उपज मंडी में इन दिनों नई सरसों की बंपर आवक होने से मंडी परिसर में रौनक बढ़ने लगी है। साथ ही सरसों की आवक से मंडी आय में भी भारी वृद्धि हो रही है। मालपुरा मंडी में गुरुवार को सरसों की बंपर आवक होने से किसानों ने प्लेट फार्म के अलावा सड़क पर भी माल के ढेर लगा कर बेचान किया। मंडी में सरसों की आवक में अचानक हुई वृद्धि से आढ़तियों व पल्लेदारों की आय में बढ़ोतरी होने लगी है। मंडी व्यापारी भादूराम गुर्जर ने बताया कि मंडी में इन दिनों सरसों का भाव 3700 से 3800 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है। मंडी कार्यालय के अनुसार मंडी में इन दिनों आठ से साढ़े आठ हजार बोरी की आवक होना बताया गया है। किसानों को उनका माल बिकने तक विश्राम करने के अलावा छाया पानी तक का इंतजाम नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। मंडी में किसानों के ट्रैक्टर व अन्य वाहनों को खड़े रखने के लिए भी उचित व्यवस्था मंडी द्वारा नहीं किए जाने से किसानों में असंतोष है। किसानों को खाने के लिए हालांकि कूपन वितरित किए जाते हैं लेकिन भोजन की गुणवत्ता की जांच समय समय पर नहीं की जाती ऐसे में किसान जैसे तैसे अपना काम चला रहें हैं। मंडी सचिव पद पर लंबे समय से अतिरिक्त कार्यभार के अधिकारी होने से मंडी कार्यालय में अधिकांश समय सचिव नहीं रहते जिससे किसान अपनी समस्या बताने के लिए भी भटकते रहते हैं। किसानों की समस्या के बारे में कार्यवाहक मंडी सचिव करण सिंह से फोन पर बातचीत करने की कोशिश की गई लेकिन फोन नो रिप्लाई होता रहा बाद में मंडी के एकमात्र स्थायी कर्मचारी प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया कि मंडी परिसर में किसानों के लिए सभी सुविधाएं हैं। छाया पानी का इंतजाम कर रखा है तथा किसान कलेवा संचालित है जहां किसान मंडी कार्यालय द्वारा जारी कूपन से कलेवा करते हैं।
सरकारी कांटे पर सरसों व चने की खरीद एक अप्रैल से, ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन 18 मार्च से
मालपुरा | मालपुरा में राजफेड के अंतर्गत क्रय विक्रय सहकारी समिति मालपुरा द्वारा सरकारी खरीद केंद्र एक अप्रेल से शुरू किया जाएगा। सरकारी कांटे पर सरसों व चने की खरीद एक अप्रेल से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। किसानों के माल का ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन 18 मार्च से शुरू होगा। क्रय विक्रय सहकारी समिति मालपुरा के भंवर लाल विजय ने यह जानकारी देते हुए बताया कि एक अप्रेल से खरीद के आदेश प्राप्त हो चुके है हांलाकि पहले सरसों की खरीद शुरू की जाएगी। खरीद केंद्र कृषि उपज मंडी समिति में रहेगा। उन्होंने बताया कि किसानों के माल का रजिस्ट्रेशन 18 मार्च से शुरू कर दिया जाएगा।
मालपुरा | मंडी में दस हजार बोरी रोज सरसों की आवक से बढ़ी रौनक।