- Hindi News
- National
- Tonk News Rajasthan News Farmers Losing Rs 400 Per Mustard Bag Due To Delay In Purchase On Support Price
समर्थन मूल्य पर खरीद में देरी से किसानों को सरसों की प्रति बोरी में हो रहा 400 रुपए का नुकसान
कृषि उपज मण्डी टोंक में नई सरसों की आवक में बढ़ोतरी होने लगी है। बुधवार को एक ही दिन में करीब पांच सौ से अधिक सरसों की बोरियों की आवक हुई। समय से समर्थन मूल्य खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं होने से किसानों को सरसों की प्रति बोरी पर 4 सौ रुपए से अधिक का नुकसान लग रहा है।
मण्डी समिति के मुताबिक इन दिनों औसतन करीब पांच सौ बोरियां सरसों की आवक हो रही है। इससे मण्डी परिसर में रौनक बनी हुई है। बदलते मौसम का मिजाज भांपकर किसान जोर-शोर से सरसों निकलवाने में जुटे है। थ्रेसर से निकलवाई गई सरसों को किसान घर नहीं ले जाकर सीधे खलिहान से मण्डी लेकर पहुंच रहे है। पिछले सप्ताहभर में ही विभिन्न गांवों से बोरियां मण्डी बिकने पहुंच रही है। सरसों का भाव बुधवार को 3800 सौ से 4000 रुपए प्रति क्विंटल तक रहा।
बीसलपुर व अन्य नहरों से सिंचाई के लिए पानी नहीं छोड़े जाने के बाद इस बार किसानों ने गेहूं के साथ साथ सरसों व चने की फसल में रुचि दिखाई है। हालांकि बीच में मौसम बिगड़ने के बाद किसानों ने मजदूर लगाकर सरसों की कटाई में तेजी ला दी। किसानों व साथ आए लोगों की रेलमपेल बनी रहने से मण्डी परिसर में फिर से रौनक रहने लगी है। मण्डी परिसर में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व अन्य वाहनों के जमावड़े से बीच-बीच में आवाजाही बनी रही।
खराबे की चिंता
मार्च में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ता रहा है। होली के मौके पर भी बादलों की आवाजाही बनी रही। इससे फसलों में खराबे को लेकर किसानों में चिंता बनी रही। बिगड़ते मौसम की चिंता से भी किसान फसलों को समय से निकलाकर उसे बेच देना चाहते हैं।
एक अप्रैल से होगी समर्थन
मूल्य पर होगी खरीद
जिले में एक अप्रैल से सरसों व चने की समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू होगी। इसको लेकर 18 मार्च से ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। किसान नजदीक के ईमित्र कियोस्क से रबी सीजन की सरसों व चने का पंजीयन करा सकेंगे। उप रजिस्ट्रार सहकारिता विभाग टोंक कैलाशचंद सैनी ने बताया कि जिले में समर्थन मूल्य पर खरीद एक अप्रेल से ही प्रस्तावित है। राजफेड की ओर से समर्थन मूल्य पर खरीद के तहत सरसों में 225 रुपए का इजाफा कर 4200 रुपए प्रति क्विंटल के स्थान पर 4425 रुपए किए गए है। इसी प्रकार चने का समर्थन मूल्य भी 255 रुपए बढ़ाकर 4620 रुपए के स्थान पर 4875 रुपए किए गए हैं।
टोंक | कृषि उपज मण्डी परिसर में बिकने आई नई सरसों।