रघुनाथजी की नीलम की मूर्ति का कोई सुराग नहीं
पारली गांव के रघुनाथ मंदिर से दिन दहाड़े हुई रघु नाथजी की नीलम मूर्ति चोरी की घटना के दूसरे दिन पुलिस खाली हाथ रही। पुलिस लगातार मूर्ति व चोरों की तलाश के लिए प्रयास कर रही है। साइबर सेल, मुखबिरों व एफएसएल टीम की भी मदद ली जा रही है। साइबर सेल के एएसआई प्रेमचंद गुर्जर ने शुक्रवार को घटनास्थल पर जाकर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए।
वहीं मालपुरा सीईओ लगातार हर पहलु पर आला अधिकारियों से सम्पर्क बनाए हुए हैं। सीईओ चक्रवती सिंह ने बताया कि मूर्ति चोरों को पकड़ने के लिए तीन टीमों का गठन किया है। तीनों ही टीमें संभावित स्थानों पर छापामारी कर रही है। अपराधी कितना ही शातिर हो पुलिस उसको खोज ही लेगी। पुलिस एफएसएल टीम के साथ ही अपने मुखबिरों को भी सक्रियता के साथ संदिग्धों पर नजर रखने के लिए लगातार सम्पर्क बनाए हुए है।
बिना मूर्ति ही ठाकुरजी को भोग
दो दिन बाद भी मूर्ति बरामद नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। पूर्व सरपंच दिग्विजयसिंह ने बताया कि ठाकुरजी की मूर्ति के अभाव में गुरुवार रात को शयन आरती हुई। शुक्रवार को नित्य-सेवा के साथ ही भोग लगाया गया।
पुलिस टीमों ने दी दबिश
पुलिस मूर्ति बरामद करने के हर संभव प्रयास कर रही है। अलग-अलग टीमों का गठन कर जगह-जगह दबिश दी जा रही है। संदिग्धों की हर गतिविधियों पर पुलिस की नजर है। शीघ्र ही मूर्ति को बरामद करने में पुलिस कामयाब होगी।
सत्यनारायण चौधरी, थानाधिकारी