- Hindi News
- National
- Tonk News Rajasthan News Passenger Load Increased In Roadways After Holi
होली के बाद रोडवेज में बढ़ा यात्री भार
दो दिवसीय रंगोत्सव का अवकाश बीतने के बाद बुधवार को बस स्टैण्ड पर यात्रियों की भीड़ रही। यात्रीभार बढ़ने से रोडवेज अधिकारियों के चेहरों पर भी खुशी दिखाई दी। कार्यालयों में शनिवार व रविवार का अवकाश रहने के बाद गत सोमवार व मंगलवार को जिले में रंगोत्सव मनाया गया। इसको लेकर कार्यालयों, स्कूलों व अन्य उपक्रमों में अवकाश रहा। छुट्टियां बीतने के बाद बुधवार को दिनभर बस स्टैण्ड पर यात्रियों की रेलमपेल बनी रही। यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ा। जिले के विभिन्न मार्गों समेत जयपुर की ओर जा रही बसों में यात्रियों की आवाजाही अधिक रही। बस स्टैण्ड पर भी दिनभर यात्रियों का तांता लगा रहा। रोडवेज आगार के मुख्य प्रबन्धक रामचरण गाेचर ने बताया कि निदेशालय की ओर से टोंक आगार को मार्च में 87 प्रतिशत यात्रीभार पाने का लक्ष्य दिया हुआ है। जबकि गत दिनों से होलाष्टक लगने व फसल कटाई के दिन चलन से यात्रीभार में कमी आ गई थी। स्थिति यह थी कि यात्री भार 60 प्रतिशत तक गिर गया था। इससे रोडवेज कर्मियों में निराशा थी। अब दो दिवसीय रंगोत्सव के बाद आगार के यात्रीभार में बढ़ोतरी दर्ज की गई। संचालन का कार्य देख रहे सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि यात्रीभार को देखते हुए जयपुर मार्ग पर पांच अतिरिक्त बसों का संचालन कराया गया। उन्होंने बताया कि यात्रीभार बढ़ने का परिणाम यह होगा कि तंगहाली से जूझ रहे टोंक आगार के कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी तथा संसाधनों में भी बढ़ोतरी होगी।
टोंक|रोडवेज स्टैण्ड पर टिकट लेने वालों की लगी कतार।