- Hindi News
- National
- Pacherwar News Rajasthan News Three And A Half Year Old Sapphire Statue Stolen From Raghunathji Temple In Parli
पारली के रघुनाथजी मंदिर से साढ़े तीन सौ साल पुरानी नीलम की मूर्ति चोरी
थाना क्षेत्र के पारली गांव के रघुनाथजी मंदिर से गुरुवार दिन दहाड़े नीलम निर्मित मूर्ति चोरी हो गई। मूर्ति करीब साढ़े 300 साल पुरानी बताई जा रही है। मूर्ति चोरी की वारदात से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन व नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे मालपुरा सीईओ ने शीघ्र ही चोरों का पता लगाकर मूर्ति बरामदगी का आश्वासन दिया। टोंक से एफएसएल टीम व साइबर सेल की टीम ने मौका निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
मंदिर पुजारी दुर्गाशंकर शर्मा रोजाना की तरह सेवा-पूजा करने के बाद मंदिर के सामने ही अपने घर चला गया। इस बीच मंदिर के पट खुले थे। सुबह करीब 10:30 बजे किसी कार्य से गांव में चला गया। इस दौरान चोर मूर्ति को ले गए। पुजारी की बेटी जब मंदिर गई तो मूर्ति गायब थी। इस पर वह शोर मचाती हुई मंदिर के सामने अपने घर पहुंची तथा रघुनाथजी की मूर्ति गायब होने के बारे में बताया। ग्रामीण मंदिर की ओर दौड़े। पुजारी दुर्गाशंकर भी तुरंत मंदिर पहुंचा तथा गर्भ गृह में जाकर देखा तो मूर्ति नहीं थी।
लोगों ने पचेवर थाना पुलिस को सूचना दी। जिस पर थानाधिकारी सत्यनारायण चौधरी मय जाब्ते पारली गांव में रघुनाथजी मंदिर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इस पर मालपुरा सीईओ चक्रवृति सिंह भी पारली गांव पहुंचे। मूर्ति चोरी की घटना से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा तथा पुलिस अधिकारियों के सामने ही रघनाथजी के जयकारे लगाते हुए शीघ्र मूर्ति बरामद करने की मांग करते हुए नारेबाजी की। सीईओ मालपुरा ने ग्रामीणों को जल्द ही मूर्ति बरामद करने का भरोसा दिलाया।
पूर्व सरपंच व पारली ठिकाना के सदस्य दिग्विजय सिंह ने बताया कि मेरे पूर्वजों ने पारली गांव की 350 साल पहले गांव की स्थापना की थी। हम कच्छावा वंश की 19वीं पीढ़ी में आते है। पारली के स्थापना के समय रघुनाथजी मंदिर का निर्माण करवा कर इसमें भगवान रघुनाथजी की नीलम से निर्मित लगभग सवा फीट से अधिक की ऊंची मूर्ति प्रतिष्ठित करवाई थी।
संदिग्धों की पहचान
थानाधिकारी सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि मामला दर्ज कर कुछ संदिग्धों की पहचान की है। तीन टीमों का गठन किया है। शीघ्र ही बेशकीमती रघुनाथजी की मूर्ति बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पचेवर। रघुनाथजी मंदिर में जानकी माता के साथ प्रतिष्ठ भगवान रघुनाथजी की नीलम की मूर्ती चोर चुराकर ले गए।
पचेवर | भगवान रघुनाथजी की नीलम की मूर्ति चोरी होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।