मोबाइल टावरों और वाहनों सेबैटरियां चुराने वाले 4 गिरफ्तार
उदयपुर | सुखेर पुलिस ने मोबाइल टॉवरों और हाईवे पर हो रहे निर्माण से सरिया और अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह के 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 26 से ज्यादा वारदातें करना कबूल किया है। एसएसपी कैलाशचन्द्र विश्नोई के निर्देश पर एएसपी सिटी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा और डीएसपी महेन्द्र कुमार पारीक के निर्देशन में थानाधिकारी दुर्गा प्रसाद दाधीच के नेतृत्व में बनी टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने सुरेश पुत्र भीमराज डांगी, माधुलाल उर्फ मदनलाल पुत्र मोतीलाल निवासी मानपुरियों का गुड़ा (लसाड़िया), मुकेशकुमार पुत्र नाथूलाल निवासी अरनियों की भागल (कानोड़), महेन्द्र सिंह पुत्र दीप सिंह तंवर निवासी अणदियों का गुड़ा (कूण) को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने उदयपुर शहर, आसपास के क्षेत्रों तथा चित्तौड़गढ़ व प्रतापगढ़ में मोबाइल टावरों, वाहनों से बैटरियां और चित्तौड़-उदयपुर हाईवे निर्माण कार्य से लोहे की प्लेटें व सरिये चुराना कबूल किया है। गिरोह का सरगना कमलेश डांगी फरार है।