- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Udaipur
- Udaipur News Rajasthan News Corona Side Effect 40 Broken Hotel Business Foreign Tourists Canceling Booking By April 15 Festive Colors Fade
कोरोना साइड इफेक्ट : 40% टूटा होटल कारोबार, 15 अप्रैल तक बुकिंग रद्द करवा रहे विदेशी पर्यटक, उत्सव के रंग फीके
टूरिस्ट सिटी उदयपुर की होटल इंडस्ट्री कोरोना वायरस के खौफ के चलते 13 दिनों में 40 फीसदी गिर गया है। भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों के वीजा 13 मार्च से 15 अप्रैल तक सस्पेंड करने से होटलों की एडवांस बुकिंग रद्द हो रही हैं। इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का मानना है कि 15 अप्रैल तक पूरा टूरिज्म कारोबार प्रभावित रहेगा। असर रेस्टोरेंट्स, बोटिंग राइड्स, ऐतिहासिक-प्राकृतिक स्थलों के टूर से जुड़े व दूसरे कारोबारियों पर भी होगा। उदयपुर होटल एसोसिएशन अध्यक्ष भगवान वैष्णव बताते हैं कि वीजा सस्पेंड होने से विदेशी पर्यटक होटलों की बुकिंग कैंसिल कराने लगे हैं। होटल कारोबारी युद्धवीर सिंह शक्तावत बताते हैं कि विदेशी पर्यटकों का फुटफॉल 40 प्रतिशत तक गिरा है। 15 अप्रैल तक स्थिति खराब रहेगी। कोरोना के थमने के बाद सरकार से होटल इंडस्ट्री को पटरी पर लाने की उम्मीद की जाएगी। बता दें कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग एमबी अस्पताल के अलावा जगदीश चौक सहित विभिन्न होटलों में अब तक 43 हजार 656 लोगों की स्क्रीनिंग कर चुका है। इनमें से 436 जुकाम-बुखार-खांसी के रोगी और 1932 विदेशी पर्यटक भी हैं। फिलहाल शहर में एक भी पॉजिटिव केस नहीं है।
चिकित्सा अधिकारी पहुंचे मेडिकल स्टोर्स पर, 7 रुपए का मास्क 30 आैर 62 वाला 150 रुपए में बिकता मिला
मास्क-हैंड सेनेटाइजर की कालाबाजारी की शिकायतों पर चिकित्सा विभाग के अधिकारी 13 दिन बाद शुक्रवार को जागे। सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी, आरसीएचओ डॉ. अशोक आदित्य, एडीसी चैतन्य पंवार ने एमबी अस्पताल के सामने व अन्य स्थानों पर मुआयना किया। सीएमएचअाे ने बताया कि दल ने संतोष मेडिकल स्टोर पर 7 रुपए का मास्क 30 रुपए में बेचना पाया। ये अन-हाइजीन तरीके से खुले डिब्बे में रखे थे। सरूपरिया मेडिकल पर 62 रुपए का एन-95 मास्क 150 रुपए में बेचना पाया गया। श्रीजी मेडिकल स्टोर पर लिखा था- सेनेटाइजर उपलब्ध नहीं है, जबकि सेनेटाइजर थे। विजय मेडिकल स्टोर पर मनमर्जी से 35 रुपए अंकित मूल्य वाला मास्क 20 रुपए में दिया जा रहा था। रॉयल मेडिकल स्टोर पर 7 रुपए का मास्क 25 रुपए में दिया जा रहा था। वहीं पाटीदार मेडिकल स्टोर, विनायक कैमिस्ट, वीएन मेडिकल स्टोर, अंकलीकर मेडिकल स्टोर, नाकोड़ा मेडिकल स्टोर, नियति मेडिकल स्टोर, चेतना मेडिकल स्टोर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इनमें से नियति-अंकलीकर मेडिकल्स पर मास्क एवं सेनेटाइजर नहीं थे। उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया। डॉ. जुल्फिकार काजी ने कहा है कि मास्क की कालाबाजारी करने वाले मेडिकल स्टोर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एडीसी चैतन्य ने बताया कि सामान्य मास्क ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के अंतर्गत नहीं आता है, लेकिन एमआरपी से ज्यादा दर पर बेचने के मामले में लाइसेंस निरस्त किए जा सकते हैं। बता दें कि होटल कारोबारियों की लगातार शिकायत थी कि उन्हें बाजार में मास्क 70 प्रतिशत महंगे मिल रहे हैं। इस पर संयुक्त निदेशक ने सीएमएचओ--एडीसी, आरसीएचओ डॉ. अशोक आदित्य-ड्रग इंस्पेक्टर विशाल कुमार, एसीएमएचओ डॉ. रागिनी अग्रवाल-डॉ. निकीषा अचवानी की टीमें बनाकर भेजीं।
फेस्टिवल सीजन में लेकसिटी पर पड़े ये पांच बड़े असर
1. विदेशी पर्यटक शहर के टॉप-50 से ज्यादा होटलों की 13 मार्च से 15 अप्रैल तक की एडवांस बुकिंग कैंसिल करा रहे हैं।
2. चीन से आने वाले चश्मों, इनके फ्रेम आदि सामान की डिलीवरी नहीं हो पा रही है। इससे चश्मे-फ्रेम की कीमत भी बढ़ती जा रही हैं।
3. एमएमसीएफ ने एहतियात के तौर पर होली समारोह रद्द किया। सिर्फ पारंपरिक होलिका दहन किया गया। इस समारोह में हर बार सैकड़ों देसी-विदेशी पर्यटक आते हैं।
4. फील्ड क्लब के चुनाव स्थगित : 3500 सदस्यों वाले फील्ड क्लब की कार्यकारिणी के चुनाव 29 मार्च को होने थे। ये चुनाव कोरोना वायरस के कारण अग्रिम आदेश तक रद्द कर दिए गए हैं। क्लब में कई सामूहिक कार्यक्रमों की बुकिंग भी कैंसिल होने लगी हैं।
5. पर्यटन विभाग की उप निदेशक शिखा सक्सेना ने बताया कि मेवाड़ महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी हैं, लेकिन ऊपर से अभी तक निर्देश नहीं मिले हैं कि महोत्सव किस तरह मनाना है।
उदयपुर. शुक्रवार को मेडिकल स्टोर पर जांच करने पहुंची टीम।