कमाई बढ़ाने के लिए फलों की खेती करें किसान : प्रो. राठौड़
उदयपुर | अखिल भारतीय समन्वित फल अनुसंधान परियोजना और महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के साझे में जनजाति उपयोजना के अन्तर्गत अमरुद उत्पादन पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण एवं कृषि आदान वितरण कार्यक्रम गुरूवार को एमपीयूटी में हुआ।
मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. नरेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि किसान को परम्परागत फसल के साथ-साथ अमरूद, आम, नींबू आदि की खेती करनी चाहिए। इससे आय में वृद्धि होगी। क्षेत्रीय अनुसंधान निदेशक डॉ. एस.के. शर्मा ने कहा कि झाड़ोल में किसान अमरूद की जैविक खेती कर इसका विदेशों में भी निर्यात कर रहे हैं। कार्यक्रम में 46 किसानों को अमरूद की बाड़ी लगाने के लिए प्रोत्साहन स्वरूप प्रति किसान उन्नत किस्म के अमरूद के 50 पौधे, उर्वरक, कीटनाशक और स्प्रेयर दिया गया। डॉ. एस.एस. लखावत, डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. अभय कुमार मेहता, डॉ. एस.के. शर्मा आदि मौजूद थे।