जंगल से सागवान काटने से टोकने पर वन रक्षक को मारी कुल्हाड़ी
झल्लारा थाना क्षेत्र के मानपुर वन नाका के पणुआ वन क्षेत्र में पेड़ काटने की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम पर एक आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में वन रक्षक घायल हो गया। टीम ने एक आरोपी को पकड़ा तो उसके साथी गोफण चलाते हुए सहयोगी को छुड़वा ले गए। पथराव के दौरान वनकर्मियों ने झाड़ियों में छिप कर खुद को बचाया। इस संबंध में वन कर्मियों की रिपोर्ट पर 6 आरोपियों के विरुद्ध थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी शिव सिंह चौहान ने बताया कि मानपुर वन नाके पर कार्यरत वन रक्षक वरदाराम भील को पणुआ वन क्षेत्र में सागवान के पेड़ों की कटाई होनेे की सूचना मिली थी। इस पर वरदाराम, सहायक वनपाल केवजी मीणा, वन रक्षक हरीश मीणा, कैटल गार्ड रामा मीणा, गोगिया मीणा, पाचिया मीणा वन क्षेत्र पणुआ कंपार्टमेंट संख्या-8 ओड़ा फला में पहुंचे। 7-8 लोग ओड़ा फला वृक्षारोपण में सागवान के हरे पेड काट रहे थे। टीम को देखकर आरोपी भाग गए। टीम ने मानपुर साटिया फला निवासी रामा पुत्र काना मीणा को पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौच्ा करते हुए कुल्हाड़ी से वन रक्षक वरदाराम पर हमला कर दिया।
साथी वन रक्षकों ने बीच-बचाव किया। वरदाराम के हाथ पर कुल्हाड़ी से वार लगा। बाद में टीम ने आरोपी रामा को पकड़ कर कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। टीम मानपुर वन नाका के लिए रवाना हुई तो आरोपी शंकर, भैरा पुत्र धन्ना मीणा, शंकर पुत्र धूला मीणा, भैरा पुत्र रांगा मीणा, नेतिया पुत्र धूला मीणा ने गोफण से पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। चारों तरफ से पत्थर आने से वनकर्मियों ने झाड़ियों में छिप कर अपनी जान बचाई। इस बीच आरोपी रामा मीणा को भी छुड़ाकर ले गए। बाद में टीम ने शनिवार तड़के रामा को दोबारा पकड़ लिया। वनपाल उदयसिंह मौके पर पहुंचे। घायल वन रक्षक का अस्पताल में उपचार करवाया गया। पुलिस ने 6 आरोपियों के विरुद्ध पेड़ काटने, वनकर्मी पर जानलेवा हमला कर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, पेड़ चोरी कर ले जाने की धाराओं में मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की है। वन विभाग की टीम ने पकड़े हुए आरोपी को पुलिस को सौंप दिया।