मेनार में बंदूकों से फायर कर खेली जबरी गेर, देर रात तक रहा रोमांच
वल्लभनगर | मेवाड़ में चैत्र कृष्ण द्वितीया पर बर्ड विलेज मेनार में बुधवार को जमरा बीज की रात को बारूद की होली और तलवारों से जबरी गेर रमी गई। पटाखों और बंदूकों से हवाई फायर के बीच तलवारें टकराने की आवाजें देर रात तक चलती रही। गेर नृत्य से पूर्व ओंकारेश्वर चौराहा पर जाजम बिछाई और अमल कसूंबे की रस्म अदा की गई। शाम को मशालचियों की अगुवाई में सफेद धोती-कुर्ता और कसूमल पाग पहने लोगों के पांच दल पांच रास्तों से चारभुजा मंदिर के सामने चौराहा पहुंचे। चौराहे पर पटाखों के अलावा देर रात तक बारूद के धमाकों के साथ बंदूकें गरजती रही। होली के बाद मेनार गांव युद्ध के मैदान में तब्दील हो गया है।