जगदीश चौक वाचनालय को बनाएंगे मॉडर्न
नगर निगम की सांस्कृतिक और वाचनालय समिति ने शुक्रवार को जगदीश चौक वाचनालय का दौरा कर व्यवस्था देखी। तय किया गया कि इस वाचनालय का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष चंद्रकला बोल्या ने बताया कि जगदीश चौक क्षेत्र शहर का पर्यटन क्षेत्र भी है। यहां प्रतिदिन सैकड़ो देशी,विदेशी पर्यटक आते हैं। ऐसे में वाचनालय को आधुनिक बनाया जाता है तो पर्यटक भी यहाँ के साहित्य को पढ़ने का लाभ ले सकते है। यहां पर स्वचालित मशीन का लगवाई जाएगी जिससे लाइब्रेरी में रखी पुस्तकों के बारे में जानकारी हो सके। वर्तमान समय में सभी पुस्तकों के बारे में जानकारी रजिस्टर में खोजनी पड़ती है और बाद में रैक में जाकर ढूंढना पड़ता है। वाचनालयध्यक्ष भगवत सिंह राव ने समिति को बताया कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने के दौरान पूरी वाचनालय में अंधेरा हो जाता है जिससे या आने वाले पाठकों को समस्या रहती है इसके लिए जल्द ही इनवर्टर लगवाया जाए। बोल्या ने बताया कि उदयपुर शहर में विद्यार्थियों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है जल्द ही उदयपुर एजुकेशन हब बनेगा इसलिए जगदीश चौक के साथ-साथ शहर में और भी वाचनालय विकसित किए जाएंगे। समिति सदस्य अरविंद जारोली, दीपिका चौधरी, करण मल जारोली, नेहा कुमावत एवं सोनिका जैन भी दौरे में शामिल थे।
उदयपुर. जगदीश चौक वाचनालय का निरीक्षण करते हुए निगम की वाचनालय समिति सदस्य।