आदेश : भीड़भाड़ वाली जगह नहीं जाएं इटली, ईरान, चीन सहित 7 देशों के पर्यटक, देनी होगी ट्रेवल हिस्ट्री
केंद्र-राज्य सरकार ने करोना वायरस से प्रभावित इटली, ईरान, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, सिंगापुर के विदेशी पर्यटकों को लेकर अलर्ट जारी किया है। सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने सभी होटल संचालकों को आदेशों जारी किए हैं कि वे इन देशों के पर्यटकों की तुरंत जानकारी देंगे। इन पर्यटकों को भीड़ वाले स्थानों (सिनेमा हॉल, मीटिंग, रैली आदि)पर नहीं जाने देंगे। दो माह की ट्रेवल हिस्ट्री भी देनी होगी। इधर एमबी अस्पताल के कोरोना वायरस वार्ड में बुधवार को शहर के दो संदिग्धों को भर्ती किया गया। अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने बताया कि एक संदिग्ध केशव नगर का है, जो कुवैत से और दूसरा जापान-वियतमान से लौटा है। दोनों को सर्दी-जुकाम-बुखार है। जांच नमूने एसएमएस, जयपुर भेजे हैं। रिपोर्ट गुरुवार शाम तक आएगी। वहीं पारस जेके फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती ऑस्ट्रेलियाई पुरुष सहित दो की जांच रिपोर्ट निगेटिव निकली है। उदयपुर में अभी तक सभी 11 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट निगेटिव निकली है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने होटलों में अब तक 1263 पर्यटकों की जांच कर चुका है। टीमें 253 देसी पर्यटकों व 19689 शहरवासियों की भी स्क्रीनिंग कर चुकी हैं।