शिल्पग्राम में तीन दिन का ऋतु वसंत उत्सव कल से
उदयपुर | पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र शिल्पग्राम में तीन दिवसीय नृत्य और संगीत का कार्यक्रम ऋतु वसंत शुक्रवार को शुरू होगा। कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य में ओडिसी शैली और बॉलीवुड के रंग भी बिखरेंगे। केन्द्र के प्रभारी निदेशक ने बताया कि ऋतुओं के साथ कलाओं को नए रंग और अंदाज में प्रस्तुत करने और विभिन्न कलाओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय उत्सव का मुक्ताकाशी रंगमंच पर मंचन होगा। कार्यक्रम रोज शाम 7 बजे शुरू होगा, जिसमें दर्शकों का प्रवेश निशुल्क रहेगा। पहले दिन शुक्रवार को भारत की समृद्ध शास्त्रीय नृत्य परंपरा ओडिसी शैली में वाराणसी, उत्तर प्रदेश के वेणुनाद कला केन्द्र की कुंजा लता और दल नृत्य प्रस्तुति देगा। 15 मार्च को पुणे की नीश एंटरटेनमेंट के कलाकार प्रसिद्ध शायर-गीतकार गुलजार पर आधारित बात पश्मीने की पर संगीतमय प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का समापन 15 मार्च को होगा।