शोरूम से दो लाख रुपए और तीन मोबाइल चोरी, 13 साल से काम कर रहा कर्मचारी नामजद
उदयपुर| सुखेर थाना क्षेत्र के शोरूम से दो लाख रुपए नकद और तीन महंगे मोबाइल चोरी हो गए। शोरूम प्रबंधक ने 13 साल से काम कर रहे कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार भुवाणा स्थित गणेशम इलेक्ट्रोनिक्स के मैनेजर लक्ष्मीनारायण पुत्र मांगीलाल ने मामला दर्ज करवाया कि शोरूम में 13 वर्ष से बिहार निवासी वीरेंद्र दास काम कर रहा था। वह रात को भी परिसर में ही सोता था। वीरेंद्र 4 मार्च की रात बिना बताए कहीं चला गया। शोरूम की तलाशी ली तो दो लाख रुपए और तीन महंगे मोबाइल गायब थे। जांच में सामने आया कि शोरूम के सीसीटीवी कैमरे रात के वक्त बंद कर दिए जाते थे। आस-पास की रिकार्डिंग में शोरूम से वीरेन्द्र के साथ दो अन्य युवक निकलते नजर आए। पुलिस ने इनकी तलाश शुरू कर दी है।