- Hindi News
- National
- Phulera News Rajasthan News 6 Masked Miscreants Caught In Kachroda Plotting Robbery
काचरोदा में लूट का षड्यंत्र रचते हथियारों से लैस 6 नकाबपोश बदमाशों को दबोचा
शहर पुलिस ने मंगलवार को थाना क्षेत्र के गांव काचरोदा स्थित आस्टी की ढाणी में व्यवसायी रामेश्वर कुमावत को लूटने की योजना बना रहे 6 नकाबपोश बदमाश युवकों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो वाहन व हथियार बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को मुखबीर से मिली सूचना के अनुसार ग्राम काचरोदा शराब के ठेके के पीछे झाड़ियों में मुंह पर काले स्कार्फ बांधकर बैठे हथियार से लैस 5-6 बदमाश आस्टी की ढाणी निवासी रामेश्वर कुमावत को लूटने का षड्यंत्र बना रहे हैं। इस पर जिला पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण शंकर दत्त शर्मा ने दो टीमें गठित कर लूट का षड्यंत्र बना रहे बदमाशों को दबिश देकर पकड़ने के निर्देश दिए। इसके बाद दूदू अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लक्ष्मणदास स्वामी, वृत्ताधिकारी सांभरलेक सुनील शर्मा के नेतृत्व में फुलेरा थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह, एएसआई दूलाराम सैनी, हैड कांस्टेबल बीरबल राम की दाे टीमें गठित की गई।
दोनों टीमों ने दबिश देकर सुनसान जगह पर बैठकर व्यवसायी को लूटने का षड्यंत्र बना रहे हथियार से लैस बदमाश गणपत लाल कुमावत निवासी पंचार रोड रेनवाल, कानसिंह चारण निवासी बूच्यासी जिला सीकर, प्रकाश शर्मा निवासी पचार जिला सीकर, मुकेश कुमावत निवासी किशनगढ़ रेनवाल, अनिल ताखर निवासी रेनवाल, गिरधारी जाट निवासी देवली देवला जिला नागौर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बदमाशों से बिना नम्बर की दो स्विफ्ट डिजायर कार, चार गाडियों की नम्बर प्लेट, एक देशी कट्टा, दो जिन्दा कारतूस, दो पट्टे नुमा रस्सी, दो लोहे के सरिये, तीन लोहे के पाइप पुलिस ने जब्त किए हैं। बदमाशों को बुधवार को फागी न्यायालय में पेश किया जहां से पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
फुलेरा| लूट के षड्यंत्र के आरोप में गिरफ्तार बदमाश।