- Hindi News
- National
- Itawah News Rajasthan News Accusation Of Waste Water Of Ayani Village Pond Will Bring Amount
अयानी गांव के तालाब का पानी व्यर्थ बहाने का आरोप, लाेगाें में राेष
अयाना. अयानी तालाब की पाल से हो रही पानी की निकासी।
अयाना. अयानी पंचायत मुख्यालय पर स्थित प्राचीन कमल सरोवर तालाब से पानी बहाने पर ग्रामीणाें ने राेष जताया है। यह तालाब करीब 1000 बीघा भूभाग क्षेत्र में फैला हुआ है। जिसमें बरसाती पानी भरा हुआ था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच ने जेसीबी से तालाब की पाल को तोड़कर लाखों लीटर पानी व्यर्थ बहा दिया। तालाब का पानी व्यर्थ बहाने पर ग्रामीणों में सरपंच के प्रति रोष व्याप्त है। ग्रामवासियों ने बताया सरपंच ने मछली पालन के ठेके के चलते मछलियां निकालने के लिए यह पानी बहाया है। गर्मी के समय गांव सहित आसपास गांव के पशु पक्षी व आमजन सहित इसी तालाब पर निर्भर हैं। अब गर्मियों के दिनों में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो जाएगी। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने इटावा एसडीएम, पीपल्दा विधायक सहित उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया है, लेकिन अभी तक विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते तालाब की कटी पाल को बंद नहीं किया गया। उधर, सरपंच प्रहलाद बैरवा का कहना है कि तालाब में पानी निकासी की माेरी बनाने के लिए पाल ताे ताेड़ने का निर्णय पिछले बोर्ड में लिया था। उसी के तहत कार्य शुरू करवाना है।