- Hindi News
- National
- R.mandi News Rajasthan News Action If The Relatives Of Soldiers And Martyrs Are Not Treated Well
सैनिकों-शहीदों के परिजनों से अच्छा व्यवहार नहीं किया तो कार्रवाई
प्रदेश की सरकार ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि सैनिकों और शहीदों के परिजनों से अच्छा व्यवहार करें और उनसे जुड़े काम त्वरित गति से करें। ऐसा नहीं करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ शिकायत मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
राजस्थान सेना को सर्वाधिक सैनिक देने वाले राज्यों में शामिल है। हाड़ौती संभाग से भी कई जवान देश की सेवा करते हुए शहीद हुए हैं। इस तरह की शिकायतें आती रहती है कि सैनिकों और शहीदों के परिजनों की सुनवाई सरकारी कार्यालयों में नहीं हो रही है। हाल ही में विधानसभा में भी कुछ ऐसे मामले उठाए गए, जिनमें बताया गया कि शहीद के परिजनों को बिजली का कनेक्शन नहीं मिल रहा है या लिए उनके लिए जारी की गई सहायता उन्हें समय पर नहीं मिल पाई है।
ये कहा है सरकारी आदेश में
इसी को देखते हुए अब राजस्थान के कार्मिक विभाग की प्रमुख सचिव रोली सिंह की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि सरकार के ध्यान में आया गया कि युद्ध में हताहत हुए भारतीय रक्षा सेवाओं के अधिकारियों जवानों और उनके परिजन परेशान होते हैं। परिजनों द्वारा राज्य कार्यालय में संपर्क किए जाने पर सरकारी अधिकारी और कर्मचारी उनके साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार नहीं करते हैं। उनके कामों को समय पर नहीं किया जाता और अनावश्यक अटका दिया जाता है। इसके कारण अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ती है। इससे उनमें दुख और असंतोष की भावना उत्पन्न हो रही है। यह स्थिति राज्य सरकार की मंशा के विपरीत है।
कलेक्टरों को निर्देश: आदेशों का सख्ती से हो पालन
आदेश में प्रदेश के सभी अतिरिक्त मुख्य सचिव, संभागीय आयुक्त और कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जवानों के परिजनों की समस्याओं का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। कलेक्टर आदेशों का सख्ती से पालन कराएं। कलेक्टर अपने अधीनस्थ सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश प्रदान करें कि युद्ध में हताहत हुए भारतीय रक्षा सेवाओं के अधिकारियों जवानों और उनके परिजनों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए। उनके कार्यों का त्वरित गति से निपटारा करें। आदेश में ये भी कहा है कि अगर किसी कर्मचारी या अधिकारी की शिकायत आती है और सही पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।