- Hindi News
- National
- Shahpura News Rajasthan News Awareness Rally Organized To Prevent Corona Virus
कोरोना वायरस से बचाव के लिए निकाली जागरूकता रैली, बचाव के बताए उपाय
शहर के राजकीय चिकित्सालय में गुरुवार को नर्सिंग प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राओं एवं आशा सहयोगिनियों ने कोरोना वायरस से बचाव को लेकर जागरूकता रैली निकाली। रैली को ब्लॉक सीएमएचओ डॉ.विनोद शर्मा व चिकित्सा प्रभारी डॉ.हरीश वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में तख्ती, स्लोगन के जरिए कोरोना वायरस से बचने के तरीकों के बारे में बताया गया। रैली बसस्टैंड, मुख्य बाजार, मैन चौपड़, महिला कॉलेज होते हुए पुरानी दिल्ली रोड तक पहुंची। रैली समापन के बाद चिकित्सालय में बैठक का आयोजन हुआ।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. वर्मा ने कोरोना वायरस के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने आशाओं को अपने-अपने क्षेत्र में सजगता के साथ कार्य करने एवं सावधानी बरतने के निर्देश दिए। ब्लॉक सीएमएचओ डाॅ.शर्मा ने नियमित रूप से आईएलआई रोगियों का निर्धारित प्रपत्र में सर्वे कर रिपोर्ट भेजने के लिए पाबंद किया। बताया कि कोरोना वायरस से बचाव के उपायों के संबंध में आवश्यक आईईसी भी आशाओं काे उपलब्ध करवा दी गई है जिसके प्रदर्शन से आम जनता को जागरूक किया जा सके। बीपीएम अर्जुनलाल जाट, श्यामलाल जाट, मोतीलाल वर्मा अादि कार्मिक मौजूद रहे। इसी प्रकार जयपुर तिराहे के पास झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोगों को समाजसेवी सुमन यादव ने कोरोना वायरस से बचाव की जानकारी दी। बताया कि संक्रमण से जुकाम से लेकर सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्या हो सकती है। कोरोना वायरस को पहले कभी नहीं देखा गया। बताया कि इस बीमारी से लक्षण सामान्य सर्दी, जुकाम या निमोनिया जैसा होता है। इस वायरस का संक्रमण होने के बाद बुखार, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ, नाक बहना और गले में खराश जैसी समस्या होती है। यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है। इसलिए इसे लेकर बहुत सावधानी बरती जा रही है। संक्रमण से बचाव के लिए भीड़ वाले इलाके या पर्यटक स्थानों पर नहीं जाए, मास्क पहनकर जाए।
कोरोना के बचाव की महिलाओं को दी जानकारी
अमरसर। अमरसरवाटी क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को कोरोना वायरस से बचाव की जानकारी देकर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील कर रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करीरी में स्वास्थ्यकर्मियाें ने बताया कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए भीड़भाड़ वाले स्थान पर मुंह पर साफ रुमाल रखने तथा बार- बार हाथ धोने की अपील की जा रही है। जुकाम व बुखार होने पर शीघ्र नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर चिकित्सक से परामर्श व इलाज करवाने की अपील कर रही है। अशोक कंवर, राजू यादव, मिंटू जाट, कृष्णा रेगर, संतोष कंवर अादि मौजूद रही।
शाहपुरा|शहर के राजकीय चिकित्सालय में कोरोना वायरस को लेकर जागरूकता रैली को रवाना करते।