- Hindi News
- National
- Sangod News Rajasthan News Badshah Rides With Pride From Nhan Akhada Chaudharipada
न्हाण अखाड़ा चौधरीपाड़ा से शान के साथ निकली बादशाह की सवारी
सांगोद. बादशाह की सवारी में खून से लथपथ सूरे का स्वांग।
सांगोद. न्हाण चौधरीपाड़ा के बादशाह रामबाबू पालकी पर जाते हुए।
सांगोद| न्हाण अखाड़ा चौधरी पाड़ा की शुक्रवार को यहां निकली बादशाह की सवारी हास परिहास व चुहलबाजियों से आकर्षण का केन्द्र बनी रही। इस सवारी में कई शिक्षाप्रद, राजनीति व संस्कृति से जुड़े किरदार निभाने वाले स्वांग आए। इन्होंने सवारी देखने आएं लोगों को खूब हंसाया।
इससे पूर्व गुरुवार रात को न्हाण आयोजन स्थल पर स्थानीय लोक कलाकारों ने लोकगीत सुनाकर मनोरंजन किया।रात्रिकालीन न्हाण देखने के लिए लोगों का अच्छा खासा जमघट लुहारों के चौक में लगा रहा। रातभर लोेगों ने न्हाण की गतिविधियों का लुत्फ लिया। सर्दी के बीच दूरदराज से आए लोग रातभर न्हाण स्थल के इर्द गिर्द डटे रहे। चाचा बोहरा घोड़े पर सवार होकर रेतीपाड़ा स्थित अपने कारोबार का बखान करते हुए निकले। चाचा बोहरा के आगे उत्साहित युवक आतिशबाजी करते हुए चल रहे थे। बीच-बीच में चाचा बोहरा ने कई पुराने दोहे लाखा से धन मोखलों, घर में नहीं छदाम, फिर भी करा बोरगत, लिख के झूठों काम... सुनाकर लोगों को गुदगुदाया।
भवानी की सवारी देखने उमड़े लाेग: शुक्रवार तड़के विभिन्न देवीय स्वरूपों की सवारी उठी तो इसे देखने के लिए जनसमूह उमड़ पड़ा। बोहराजी की गली में भवानी की सवारी बनाने का कार्य देर रात से ही शुरू हो गया था। इस सवारी में दुर्गा, लक्ष्मी, कृष्ण-राधा, शंकर भोलेनाथ सहित कई स्वरूप शामिल थे। सबसे आगे भेपे मंत्रोच्चारण करते हुए चल रहे थे। बीच-बीच में भजनों की स्वर गूंजते रहे।
मध्यप्रदेश की राजनीति पर लाया स्वांग बना सिरमोर: शुक्रवार को न्हाण अखाड़ा चौधरी पाडा की बादशाह की सवारी स्वांगों की चुहलबाजियों के बीच निकली। इससे पूर्व सभी उमराव, स्वांग रंगनाथजी के मंदिर पर एकत्रित हुए। यहां से शाम साढ़े पांच बजे बादशाह की सवारी शुरू हुई। इससे पूर्व ही सवारी मार्ग लोगों की भीड़ से भर गया। आगे ही आगे सवारी में उत्साहित युवकों के स्वांग चल रहे थे। ये अनर्गल भीड़ को हटाते चल रहे थे। मछुआरे बने युवक न्हाण की व्यवस्था व भीड़ के अवरोध को हटाने में पूरी सवारी मार्ग में व्यवस्थाएं जमाते हुए निकले। बादशाह की सवारी में हाल ही मध्यप्रदेश की राजनीति में घटित घटनाक्रम को उजागर करते हुए न्हाण में स्वांग आया तो इसे देखने के लिए कार के पीछे लोगों की भीड़ पूरे मार्ग पर लगी रही। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कटाक्ष करते हुए स्वांग लाया गया। उनके भाजपा में आने से मध्यप्रदेश व राजस्थान सरकार पर पड़ने वाले राजनीति असर को इंगित करते हुए यह स्वांग गुजरा। इस स्वांग के पीछे पूरे मार्ग लोगों का हुजूम डटा रहा। वहीं सोनिया गांधी व मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के ऊपर भी स्वांग लाया गया। सवारी में सूरा का स्वांग, आदिवासी, डायन, भैरूबाबा, डाकू सहित कई मोहित करने वाले स्वांग आए। सवारी के अंत में एक दिन के बादशाह रामबाबू सोनी चल रहे थे।
आज पड़त, कल से फिर शुरू होगी न्हाण की धूम
सांगोद के पांच दिवसीय न्हाण लोकोत्सव के तीसरे दिन यानि शनिवार को पड़त रहेगी। इस दिन किसी तरह का कोई आयोजन नहीं होगा। शनिवार शाम को केवल सांगाजी की शोभायात्रा जुलूस के रूप में निकालकर उनकी पूजा-अर्चना की जाएगी। रविवार को न्हाण अखाड़ा चौबे पाड़ा के बारह भाले की सवारी के साथ न्हाण की रोनक फिर जमेगी। वहीं साेमवार काे बादशाह की सवारी के साथ पांच दिवसीय न्हाण का समापन होगा।