- Hindi News
- National
- Shahpura News Rajasthan News Bhairuji39s Fair In Pando Devotees Arrived With Flag
पणदो में भैरूजी का मेला, ध्वज लेकर पहुंचे भक्त
ग्राम पंचायत भामोद अंतर्गत पणदौ के भैरू जी महाराज आश्रम स्थल पर शुक्रवार को मेला भरा। मेले में आसपास इलाके के हजारों श्रद्धालु पहुंचे। भैरुजी महाराज के आश्रम पर हर साल की तरह मेले में भजन गायकों सहित मासियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर लोगों को नाचने पर विवश कर दिया। मेले में अनेक प्रकार की दुकानें लगी जहां रंग- बिरंगी पोशाकें पहनी महिलाओं सहित बच्चों ने मेले में खरीदारी की। मंदिर की भव्य झांकी सजाकर अखंड जोत के श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इलाके के आसपास के सैकड़ों पदयात्री हाथों में ध्वज लेकर मंदिर स्थल पर पहुंचे।
टीलाजी के गुणगान सुनकर रात भर झूमते रहे श्रद्धालु
पावटा ग्रामीण| खेलना व टसकोला ग्राम पंचायत के अन्तर्गत चक्रतीर्थ में स्थित टीलाजी मंदिर में रात्रि को सत्संग समारोह हुअा। समारोह में दूर दराज से आए व स्थानीय कलाकारों ने टीलाजी महाराज की गाथा सुनाई जिसे सुनकर श्रद्धालु झूमते रहे। दिनभर निशान चढ़ाने वालों व जात जडूले देने के लिए आने जाने वाले लोगों का दौर देर रात तक चलता रहा। शाम 5 बजे मेला परवान पर रहा जिसे दूर दराज व आसपास गांवों से हजारों श्रद्धालुओं ने टीलाजी महाराज की विशेष पूजा कर मन्नतें मांगी। मेले में झूले आकर्षक के केन्द्र रहे। इससे पूर्व रात्रि को दोनों जगह विशेष कलाकारों ने भजन प्रस्तुत किए। गजानन्द टीलावत, संत कुमार प्रवीण, मुरारी लाल, काशी राम, राजेन्द्र मौजूद थे।
झूंडावाले बालाजी के 201 भक्तों ने निकाली निशान पदयात्रा
भाबरु| कांकरा धूलकोट स्थित झूंडावाले बालाजी के कस्बे से 201 श्रद्धालुओं ने निशान पदयात्रा निकाली। कस्बे के सीताराम मंदिर में पंडित मोहन ने पूजा करवाई। सरपंच शशिकान्त शर्मा ने प्रधान ध्वज के साथ पदयात्रा को रवाना किया, जो कस्बे के मुख्य मार्गो से होकर हाइवे से गुजरती हुई कार्यक्रम स्थल पहुंची। इस दौरान श्रद्धालु आस्था से सराबोर होकर डीजे पर नाचते गाते हुए जा रहे थे। बालाजी की झांकी को भव्य रूप से सजाया गया। कार्यक्रम स्थल पहुंचकर श्रद्धालुओं ने निशान चढ़ाकर परिवार की खुशहाली व देश में अमन-चैन व शांति की कामना की। इसी प्रकार दोल्यापुर में 101 लोगों की और से झूंडावाले बालाजी के लिए निशान पदयात्रा निकाली। इसी प्रकार धूंधलों की ढाणी से बावड़ी स्थित मंदिर तक 101 निशान पदयात्रा निकाली गई।
हनुमान मंदिर का पाटोत्सव
चंदवाजी| सुराणा ग्राम पंचायत स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में गुरुवार को आठवां पाटोत्सव व भंडारे में दूर-दराज के लोगों ने पंगत प्रसादी ली। किशोर सिंह शेखावत ने बताया कि बालाजी सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने मंदिर में गुब्बारों से भव्य सजावट कर हनुमान जी महाराज का अलौकिक श्रृंगार किया। आचार्य महेंद्र शर्मा ने नौ कुंडीय हवन का आयोजन किया, जिसमें लोगों ने आहुतियां दी। दोपहर 2 बजे से मंदिर में भंडारा शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा। इससे पूर्व बुधवार को हनुमान जी की शोभायात्रा निकाली जो कस्बे के मुख्य मार्गो से होते हुए मंदिर परिसर में पहुंची, जहां भक्तों ने निशान चढ़ाए।
रघुनाथ की प्राण प्रतिष्ठा आज
शाहपुरा| शहर के चौपड़ स्थित रघुनाथ जी के मंदिर में शुक्रवार दोपहर रघुनाथ जी महाराज की मूर्ति की त्रिवेणीधाम के रामरिछपालदासजी महाराज के कर कमलों से प्राण प्रतिष्ठा होगी। यह जानकारी पुष्करराज शर्मा ने दी।
सुदरपुरा में 19 वां श्याम महोत्सव
नारेहड़ा| श्री श्याम स्नेह मंडल के तत्वावधान में सुदरपुरा में बुधवार रात्रि को श्री श्याम बाबा का 19 वां वार्षिक महोत्सव हुआ। इसमें दूर दराज से आए गायक कलाकारों ने श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति देकर पंडाल को श्याम के रंग में रंग दिया। भाजपा विधानसभा प्रभारी मुकेश गोयल, महेश मीणा, पनियाला के पूर्व सरपंच रविन्द्र मीणा, वैद्य सुरेशचन्द्र शर्मा, सुरेश फौजी वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से आपसी भाईचारा व भगवान के प्रति आस्था बढ़ती है। श्याम दरबार की आकर्षक झांकी सजाई गई।
पावटा ग्रामीण| खेलना के टीलाजी मंदिर में निशान चढ़ाने के लिए जाते श्रद्धालु।
मैड़| पणदो गांव में भैरूजी के मेले में उमड़े श्रद्धालु।