व्यापार मंडल ने भाजपा अध्यक्ष मेहता का किया स्वागत
बगरू ग्रामीण| कस्बे के लिंक रोड स्थित ओम व्यापार मण्डल के व्यापारियों व पदाधिकारियों ने भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष पद पर मुकेश मेहता को पुन: नियुक्ति होने पर शुक्रवार को माला व श्याम दरबार का चित्र भेंट कर सम्मान किया। ओम व्यापार मण्डल से मेहता का अच्छा जुड़ाव रहा है क्योंकि मेहता तीन बार निर्विरोध मण्डल के अध्यक्ष भी रहे चुके हैं। इस अवसर पर व्यापार मण्डल अध्यक्ष रामकिशन बोहरा, संरक्षक वैद्यनाथ तांबी, सुरजमल खुंखवाल, अशोक बाड़ीवाल, हनुमान लोकण्डा, भैरूराम बलाई, भंवर निठारवाल, रिशपाल चौपडा, मुकेश निठारवाल, मोहन कण्डीरा, रामवतार भूतेड़ा सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।
प्रजापति समाज सेवा समिति बैठक का आयोजन
मंढाभीमसिंह| भैसलाना प्रजापति समाज सेवा समिति की बैठक शुक्रवार के शिव मंदिर भैसलाना में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समाज समिति के नव अध्यक्ष सिनोदिया निवासी कालूराम मारवाल ने की। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रजापति ने नव समिति अध्यक्ष को कार्यभार सौंपा व आगामी समाज के कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक में कोषाध्यक्ष जयनारायण प्रजापत, बजरंगलाल प्रजापत, हुकुमाराम, गोविंदराम, लालाराम, कानाराम, सुभाष, कजौड़मल, नंदाराम सहित समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे।
आम रास्ते की मरम्मत करवाने की पंचायत से गुहार
इटावा भोपजी| ग्राम पंचायत अमरपुरा की छिपाली ढाणी में आम रास्ता नहीं होने के कारण विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इससे यहां के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। छिपाली ढाणी के लोगों ने इस संबंध में कई बार ग्राम पंचायत को अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। ढाणी के लोगों ने आम रास्ते में जो बूंण का नाला, जिसकी गहराई करीब 80-90 फुट व लंबाई करीब एक किमी है, की मनरेगा व अन्य योजनाओं के तहत मरम्मत कराने की मांग की है।
गाे वंश की रक्षा करने का लिया संकल्प
हिरनोदा| शिव मंदिर में शुक्रवार को नवयुवक मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक एवं होली स्नेह मिलन समारोह राजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। बैठक में सभी कार्यकर्ताओं ने होली की एक-दूसरे को मिठाई खिला कर बधाई दी। बैठक में गोवंश की रक्षा करने का संकल्प दिलाया गया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए वार्ड स्तर पर कार्यकारिणी गठित करने, युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ-साथ जनकल्याणकारी कार्यों में भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस मौके पर हनुमानलाल, राजेश शर्मा, गिरधारीलाल, मनोज, मुकेश कुमार, घनश्याम, महेश कुमार, गणेश गुर्जर, लक्ष्मण, सीताराम आदि मौजूद थे।
हाथनोदा में बांटे जनाधार कार्ड
सामोद| ग्राम पंचायत हाथनोदा के भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र पर शुक्रवार को सरपंच अनिल सेरावत की अध्यक्षता में जन आधार कार्ड वितरण कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में सरपंच अनिल सेरावत, ग्राम विकास अधिकारी संजय कुमार शर्मा, उपसरपंच सीताराम यादव के नेतृत्व में पहले चरण में आए 256 कार्डों में से 51 जन आधार कार्डों का वितरण किया गया। वीडीओ शर्मा ने बताया कि योजनाओं के लाभ के लिए जन आधार की अहम भूमिका रहेगी। लोग अपने जन आधार को पंचायत ईमित्र कियोस्क से निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही योजनाओं के लाभ के लिए पंचायत ई-मित्र कियोस्क पर इसकी सीडिंग भी करवाएं।
ग्राम पंचायत नृसिंहपुरा में जनाधार कार्ड वितरित
बगरू| ग्राम पंचायत नृसिंहपुरा में शुक्रवार को सरपंच बंशीधर गढ़वाल की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा का आयोजन हुआ। इस अवसर पर पोषण अभियान संबंधी विस्तार से जानकारी दी गई। सभा के दौरान ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल संबंधी विभिन्न कार्यों के प्रस्ताव लिए गए। मौके पर ग्राम पंचायत क्षेत्र वासियों को जनाधार कार्ड का वितरण किया गया। सभा में लल्लूराम जाट, रामजीलाल शर्मा, रजनी देवी, हंसा चौधरी, रेखा शर्मा सहित बड़ी संख्या में वार्ड पंच व ग्रामीण उपस्थित हुए।
स्कूलों में शरीर को स्वस्थ रखने की दी जानकारी
गोविंदगढ़| कस्बे सहित आसपास के राजकीय व निजी विद्यालयों में आयुर्वेद विभाग की ओर से विद्यार्थियों को शरीर को स्वस्थ रखने के बारे में जानकारी दी गई। आदर्श विद्या मंदिर में वैद्य श्रीहरि शर्मा ने बच्चों को आयुर्वेदिक काढ़ा पिलाया। लोहरवाड़ा स्कूल में वैद्य नरेंद्र शर्मा ने ठंडे व बदबू वाले भोजन से परहेज की बात कहते हुए कहा इससे शरीर में बीमारियां फैलती हैं। उन्होंने समय पर सोने व समय पर उठने की आदत को भी महत्वपूर्ण बताया।
ग्राम पंचायत झरना के शिविर में समस्याओं पर की चर्चा
हिरनोदा| ग्राम पंचायत झरना में शुक्रवार को सरपंच नीतू जांगिड़ की अध्यक्षता में विशेष शिविर आयोजित हुआ। ग्राम विकास अधिकारी सुगनचंद शर्मा ने बताया कि शिविर का सहायक कलेक्टर दूदू दिनेश कुमार मीना ने औचक निरीक्षण किया। शिविर में राष्ट्रीय पेंशन योजना के दो, जन्म- प्रमाण पत्र एक, मृत्यु प्रमाण पत्र एक, अनापत्तिप्रमाण-पत्र एक प्राप्त हुए। शिविर में ग्राम की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। शिविर में ग्राम विकास अधिकारी सुगनचंद शर्मा, उपसरपंच रामनिवास मेहता, रोजगार सहायक मुकेश शर्मा, राजेश मीणा, पंचायत सहायक जगदीश वर्मा, प्रभू जांगिड़, कमलेश शर्मा, रामकुमार शर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विमला शर्मा, सावित्री पारीक मौजूद थी।
बाल कल्याण समिति जयपुर सदस्य का चौमू में स्वागत
चौमू| राज्य सरकार द्वारा बाल कल्याण समिति जिला जयपुर में सदस्य पद पद पर मनोनीत करने के बाद चौमू पहुंचने पर शुक्रवार को डॉ. अंबेडकर समाज सेवा से राज्यपाल द्वारा पुरस्कृत सेवानिवृत्त शिक्षक ग्राम टांकरड़ा निवासी श्यामलाल बुनकर का कई लोगों ने माला पहना कर स्वागत किया। स्वागत करने वालों में कांग्रेस प्रदेश महामंत्री गजानंद कुमावत, प्रेस क्लब महामंत्री बीएल भंडारी, बाबूलाल सैनी, सुदर्शन शर्मा, सेवानिवृत शिक्षक श्रीराम बटवाल, सोनू सैनी, डीके कुमावत सहित कई लोग शामिल थे।
सड़क निर्माण सही करने के लिए ठेकेदार को निर्देश
चौमू| शहर में बन रही सीसी सड़कों का शुक्रवार को नगरपालिका अध्यक्ष अर्चना कुमावत ने निरीक्षण किया। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष कुमावत वार्ड नंबर 15 में पहुंची और वहां बन रही सीसी सड़क का निरीक्षण किया। अर्चना कुमावत ने बताया कि वार्डवासियों से शिकायत मिली थी कि वार्ड में बन रही सड़क में घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। उसी शिकायत के आधार पर शुक्रवार को निरीक्षण करने पहुंची, तो शिकायत सही पाई गई। इसको लेकर नगरपालिका अध्यक्ष कुमावत ने कनिष्ठ अभियंता को मौके पर आकर इसकी जांच करने के लिए निर्देशित किया और ठेकेदार को भी सही काम करने के लिए निर्देशित किया। सड़क निर्माण के निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष के साथ पार्षद मनोज कुमावत, पार्षद धर्मेंद्र गवारिया, राहुल बागड़ा व भाजपा महामंत्री महेश शेरावत भी मौजूद थे।
गांधी के आदर्शों को जीवन में उतारें
बगरू| ग्राम पंचायत महापुरा में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती वर्ष के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सांगानेर केदार मल शर्मा की अध्यक्षता में हुआ। विद्यालय के ऋषि कुमार ने बताया कि मुख्य अतिथि ब्लॉक सांगानेर संयोजक प्रमोद शर्मा थे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता संजय शर्मा आदि थे। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा महात्मा गांधी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए भजन, देशभक्ति गीत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अंत में अतिथियों द्वारा प्रतियोगिताओं मे विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
सामोद| हाथनोदा में जनआधार कार्डों का वितरण करते अतिथि।