- Hindi News
- National
- R.mandi News Rajasthan News Children Of Khairabad Assaulted In Karnataka Navodaya School
खैराबाद के बच्चों से कर्नाटक नवोदय स्कूल में मारपीट
जवाहर नवोदय स्कूल खैराबाद के 9वीं कक्षा के 22 बच्चों से कर्नाटक के नवोदय स्कूल में मारपीट कर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है।
बच्चों के अभिभावकों ने आरोप लगाया कि उनके बच्चों को वहां पर 11वीं के स्टूडेंट्स ने बुरी तरह पीटा गया है। इससे आहत परिजनों ने पूरी जानकारी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भेजी है। साथ ही कहा है कि कर्नाटक से हमारे बच्चों को सही सलामत रामगंजमंडी भिजवाने की व्यवस्था की जाए। जानकारी के अनुसार नियमानुसार नवोदय के बच्चों को दूसरे राज्य के नवोदय स्कूल में पढ़ने के लिए जाना होता है। इसी के तहत 15 छात्र और 7 छात्राएं कर्नाटक के गदग नवोदय स्कूल में पढ़ने के लिए गए थे। शुक्रवार सुबह 10 बजे करीब वहां के स्थानीय स्टूडेंट्स ने रामगंजमंडी के बच्चों के साथ मारपीट की। बच्चों को लात और घूंसों से पीटा, छात्राओं को भी नहीं बक्शा गया। इस मारपीट का लाइव वीडियो रामगंजमंडी के छात्र दीपक सिंह ने अपने पिता को दिखाया और सभी को बचाने की गुहार लगाई। घबराए अभिभावक खैराबाद जवाहर नवोदय पह़ुंचे और प्रिंसिपल को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कर्नाटक संपर्क किया गया।
वहां के प्रिंसिपल ने बताया कि फिलहाल सभी को समझा दिया गया है, अब झगड़ा नही होगा। दीपक के पिता भैरोंसिंह और दो अन्य अभिभावकों ने अपने बच्चो को कर्नाटक से वापस खैराबाद स्कूल बुलाने के लिये लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को मेल करके गुहार लगाई हैं। दीपक के पिता भैरोंसिंह ने बताया कि कुछ समय पूर्व भी बच्चों के साथ में मारपीट हुई थी। उस समय भी शिकायत दर्ज करवाई थी। तब कहा कि अब ऐसी कोई बात नहीं होगी, लेकिन फिर घटना हो गई। ऐसे में हमारे बच्चे सहमे हुए हैं। एक शिक्षक ने बीच-बचाव किया तो वहां के लोकल सीनियर छात्रों ने उनके साथ भी धक्कामुक्की की। इस बारे में खैराबाद नवोदय स्कूल के प्राचार्य से संपर्क किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई।