- Hindi News
- National
- R.mandi News Rajasthan News Dhoom Abir And Gulal Played Dry Holi For Rangotsav
रंगोत्सव की रही धूम, अबीर और गुलाल से खेली सूखी होली
उपखंड क्षेत्र में दो दिवसीय होली महोत्सव पूरी शिद्दत के साथ मनाया गया। दो दिनों तक रंगों का त्योहार होली भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। होली का दहन, फागोत्सव, परिक्रमा जैसे धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मंगलवार को रंग लगाकर त्योहार की बधाइयां और शुभकामनाएं दी गई। इससे पूर्व सोमवार को गोधूली बेला में होलिका दहन किया गया। इसके बाद मंगलवार को धुलेंडी पर रंग खेला गया। बुधवार को भाईदूज का पर्व भी उत्साह के साथ मनाया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने भी होली पर खूब जमकर रंग गुलाल लगाया। कई मंदिरों में विशेष फागोत्सव का आयोजन हुआ।
वहीं, दूसरी ओर सुकेत कस्बे में पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन से पिछले दिनों मेज नदी में बारातियों से भरी बस गिरने व होली पर्व के दिन चेचट थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में हुई जीजा साले की दर्दनाक मौत को लेकर सुकेत थाने में एसएचओ मोहन सिंह की उपस्थिति में सीएलजी सदस्यों व पुलिस जवानों ने 2 मिनिट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। होली पर पुलिस ने होली खेलने का बहिष्कार करते हुए शपथ ली कि ऐसे हादसे की रोकथाम के लिए मिलकर भरसक प्रयास करेंगे। ज्यादा से ज्यादा लोगों को सड़क नियमों की जानकारी से जागरूक करेंगे ताकि हंसते-खेलते परिवार नहीं उजड़े और लापरवाही के कारण सड़क हादसों हुई मौतों पर रोक लगाई जा सके।
रामगंजमंडी में जी.बी. सिंड्रोम नामक खतरनाक बीमारी का शिकार हुए नैतिक राठौर ने बीमारी को हराकर होली खेली। नैतिक के पिता राजू राठौर ने बताया कि बीते साल 2 जून को जीबी सिंड्रोम नामक बीमारी बेटे को हो गई थी। कोटा के निजी हॉस्पिटल में 3 माह तक वेंटिलेटर पर जीवन और मौत से संघर्ष किया। कई बार प्लाज्मा पेरिस डायलसिस की गई। हमने तो सारी उम्मीद ही छोड़ दी थी, लेकिन क्षेत्र के लोगों की दुआओं का असर रहा कि हमारा बेटा एक बार फिर परिवार के साथ है। नैतिक ने उत्साह के साथ होली खेली।
सुकेत में गौतम समाज की होली ढूंढ व बैठक का किया गया आयोजन
सुकेत. कस्बे में महर्षि गौतम समाज की होली ढूंढ व बैठक का आयोजन गोवर्धन नाथ मंदिर में हुआ। होली ढूंढ में सभी समाजबंधुओं ने एक-दूसरे को होली की बधाई दी। बैठक में समाज की वार्षिक आय व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। वहीं नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। जिसमें अध्यक्ष पद पर प्रमोद गौतम, उपाध्यक्ष पद पर रामस्वरूप गौतम, कोषाध्यक्ष पद पर रजनीश गौतम, मंत्री पद पर रामकल्याण गौतम व संगठन मंत्री पद पर सागर गौतम को सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया। बैठक में 25 मार्च को आने वाली महर्षि गौतम जयंती के आयोजन को लेकर चर्चा हुई। साथ ही कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में पंडित बालमुकुंद गौतम, नंदकिशोर व्यास, दयाकिशन शर्मा, हरिमोहन गौतम, अशोक व्यास, हरि प्रकाश गौतम, नरेंद्र शर्मा, नरेंद्र व्यास, महेश शर्मा, रामनारायण शर्मा, ललित व्यास, सचिन शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, राजेश शर्मा, मनीष शर्मा आदि समाजबंधु मौजूद रहे। वहीं, कस्बे के विभिन्न गली मोहल्लों में पूजा अर्चना के साथ होली का दहन किया गया। कस्बे में जगह जगह ढोल व डीजे की धुनों पर युवा वर्ग थिरकता नजर आया । बड़ो को सम्मान के साथ रंग लगाकर सभी ने आशीर्वाद लिया। लोग टोलियों में एक-दूसरे के घर रंग लगाने जाते रहे।
पीपाखेड़ी. होली का त्योहार मंगलवार को पीपाखेड़ी में भी हर्षोल्लास से मनाया गया। चारों ओर हवा में उड़ता अबीर-गुलाल और रंगों से सराबोर लोग। यह नजारा देख हर कोई होली के रंग में रंग गया और जमकर होली खेली गई। इस मौके पर कई लोगों ने अपने मनमुटाव व आपसी गिले शिकवे भुलाकर एक दूसरे को गले लगाया और होली के रंग में डूब गए। इस मौके पर ग्रामवासी सुजान सिंह, मोहित सेन, मुकेश कुमार, अजय परिहार, माखन सिंह समेत ग्रामीण मौजूद रहे।
चेचट में भक्त प्रहलाद और होलिका की झांकी बनाई, सातलखेड़ी में भी आयोजन
चेचट. कस्बे में मुख्य बाजार और बस स्टैंड पर सामूहिक रूप से होलिका दहन का कार्यक्रम हुआ। गांव के सभी लोगों ने कार्यक्रम को उत्कृष्ट बनाने के लिए अहम भूमिका निभाई। क्षेत्र के ग्रामीण गांवों में भी होलिका दहन किया गया। होलिका का पुतला बना कर भक्त प्रहलाद की झांकी सजाई गई। कस्बे में ग्राम पंचायत द्वारा मुख्य बाजार में होलिका दहन किया। जिसमे सरपंच कृष्णा माली ने आरती उतारी। उप सरपंच हेमन्त कुमावत व सभी वार्डों के पंच और ग्रामीण मौजूद रहे। दूसरे दिन भी धुलंडी पर भी स्नेह की गुलाल लगाई गई।
सातलखेड़ी में भी किया होलिका दहन
सातलखेड़ी. कस्बे में होलिका दहन का आयोजन जय भवानी क्लब द्वारा आयोजित हुआ। अतिथि सरपंच सुषमा गोठवाल, जिला परिषद सदस्य हेमलता बैरवा, उपसरपंच योगेश सेठी और पूर्व सरपंच घासीलाल रहे। शुभ मुहूर्त पर विधि विधान द्वारा होलिका दहन किया गया। कार्यकर्ता माधुलाल, सावन लीलावत, शंभूदयाल, कालूराम, दीपक लीलावत, नरेंद्र लीलावत, आकाश वाडिया, रामदेव सिनोलिया सहित सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रावतभाटा में लोगों ने जमकर खेली होली
रावतभाटा। शहर में इस बार उमंग और उत्साह से होली का दहन हुआ। इस बार होली का पर्व लोगों ने तिलक होली खेलकर मनाया। कोरोना वायरस के डर के बावजूद लोगों ने जमकर होली खेली। शहर में होली का कई जगह दहन हुआ। यहां सबसे प्रमुख होली पुराना बाजार, अणुकिरण कॉलोनी, विक्रमनगर, भारी पानी कॉलोनी, आरपीएस कॉलाेनी, लेडीज क्लब एवं नयाबाजार की है।
होली महोत्सव मनाया, अवगुण, बुरे स्वभाव को जलाने का संकल्प लिया
बाजार स्थित होली में पूर्व पालिकाध्यक्ष धर्मेंद्र तिल्लानी, डॉ.जीजे परमार, मनोहरलाल भटट, सदरबाजार व्यापारसंघ हर्ष जैन, पितांबर ठठेरा सहित कई लोगों की मौजूदगी में होली का दहन हुआ। पुजारी तेजनाथ, गुलशन पंडित सहित कई लोग मौजूद थे। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय रावतभाटा सेवा केंद्र पर होली महोत्सव मनाया गया। इस मौके पर परमात्मा शिवनाना से योग लगाया। मुरली सुनाई। होली के वास्तविक अर्थ को बताया। सभी को स्मृति का तिलक लगाया। होली महोत्सव में सभी ने अपनी कमी, कमजोरी, अवगुण, पुराने संस्कार, स्वभाव को जलाने का संकल्प लिया। परमात्मा का सत्संग करने की प्रतिज्ञा ली। संचालिका मधु बहन ने कहा कि होली का अर्थ जीवन की कटु स्मृतियों को भूलना, उनके बारे में बारबार विचार कर स्वयं को दुखी ना करें। इस त्यौहार पर अंतरमन से पवित्रता धारण करना चाहिए। सही मायने में होली मनाने से ही मंगल परमात्मा मिलन का अनुभव हो सकता है।
अणुकिरण महिला क्लब का होली मिलन कार्यक्रम आयोजित, नृत्य नाटिका पेश की
अणु किरण महिला क्लब की ओर से होली, फागोत्सव और महिला दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान परमाणु बिजलीघर के स्थल निदेशक विवेक जैन, महिला क्लब की चेयरपर्सन आरती जैन ने होली दहन से कार्यक्रम की शुरूआत की। कार्यक्रम में केंद्र निदेशक आरके अगनानी, सोनिया अगनानी, सुलेखा तेलंग, एमजी तेलंग, एस हलधर, चमेली हलधर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। देश की बेमिसाल नारियों के कर्तव्यों को हाथ के माध्यम से प्रस्तुत किया। दूसरी प्रस्तुति नीरजा बानोट के जीवन पर नृत्य नाटिका थी। जिसमें कलाकारों ने एक श्रद्धांजलि के रूप में कला के साथ पेश किया। जिससे लोगों की आंखे नम हो गई। महिलाओं के प्रति हृदय में सम्मान भर दिया। उस नारी ने फर्ज को पहले रखा और जान बाद में। आशा त्रिपाठी ने नीरजा की भूमिका निभाई। जिसकी सभी ने सराहना की। कंचन ने मां का रोल निभाया। नृत्य के माध्यम से ममता चौधरी, कृति वर्मा, रश्मि डंडोतिया, कल्पना भाटिया ने नृत्य, नाटिका में शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर योगदान दिया। कार्यक्रम में पुरूषों ने कवितापाठ, खेलों के माध्यम से माहौल खुशनुमा बनाया। होली के त्यौहार को मनाते हुए कॉमेडी एक्ट, सोलो डांस, ग्रुप डांस में एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में महिला क्लब की चेयरपर्सन आरती जैन ने कहा कि पॉलीथीन मुक्त अभियान में सभी टीम बनाकर सहयोग दें। इस मौके पर उन्होंने स्वयंसेवकों का सम्मान भी किया। महिला मंडल की सचिव डॉ.प्रतिमा श्रीवास्तव, सहसचिव सुनीता पात्रों ने संचालन किया। कृति वर्मा,स्वस्ति जैन, किरण चौहान, मीनू जैन, अदिती, गौरव, स्नेहा वार्डिका, कल्पना भाटिया, रश्मि डंडोतिया, ममता चाैधरी ने कार्यक्रम में सहयोग किया।
सेवानिवृत्त कर्मियों-जनप्रतिनिधियों का सम्मान
भैंसरोडगढ़। श्री रावणा राजपूत समाज की ओर से होली के मौके पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्रचार मंत्री दौलतसिंह ने बताया कि शुभारंभ गांधी चौक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का साफा, माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। ढोल नगाड़ों के साथ जुलूस के रूप में होली चौक, उपरलागढ़, नाहर का बाड़ा पहुंचे। जहां पर पूर्व पालिका अध्यक्ष धर्मेंद्र तिल्लानी, उपचेयरमैन प्रकाश देवड़ा, पार्षद मुन्ना तिवारी, पार्षद नीलमसिंह, भैंसरोडगढ थानाधिकारी गोपालकृष्ण परमार, उपसरपंच रुपेंद्रसिंह, पंच वीरेंद्रसिंह, ममताकुमारी, शीला शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लोकेशसिंह, युवा जिलाध्यक्ष दिलीपसिंह, मां चामुंडा सेना जिलाध्यक्ष देवेंद्रसिंह, तहसील अध्यक्ष वीरेंद्रसिंह का अभिनंदन किया गया। रावणा राजपुरा समाज के सेवानिवृत्त शिक्षक, पटवारी, नगरपालिका, तहसील में कार्यरत नेपालसिंह, महेंद्रसिंह, मोहनसिंह, बंशीलाल, लक्ष्मी नारायण, घासीलाल, भेरुसिंह, नाहरसिंह, देवीसिंह, जसवंतसिंह, भवानीसिंह,अमरसिंह, लालसिंह, कीर्तिराम, नाथुसिंह, भंवरसिंह, घासी सिंह सहित 17 लोगों का अभिनंदन किया। सभी ने समाज को राशि भी भेंट की। जिससे समाज का विकास हो सके। शाम को होली का पूजन कर दहन किया गया। होलिका दहन के बाद मेवाड़ की परंपरा अनुसार होली में लकड़ी के बनाए खांडे तलवार भी होली में डालें। इस मौके पर संरक्षक खुमानसिंह, तेजसिंह, अध्यक्ष रुपेंद्रसिंह, उपाध्यक्ष रणजितसिंह, पर्वतसिंह, कोषाध्यक्ष नरेंद्रसिंह राठौड़, महामंत्री नाहरसिंह, इंद्रसिंह, प्रचार मंत्री दौलतसिंह कान्हावत, दौलत परिहार, सचिव मंजीतसिंह, जगविंदरसिंह, कुलदीपसिंह, गोपालसिंह, दिलीपसिंह,केसरसिंह सहित समाज लोग मौजूद थे। वहीं, आर्य वीरांगना दल की ओर से महिला दिवस एवं होली मिलन समारोह मनाया गया। नगर संचालिका वंदना चौहान ने उपहार भेंट किए। सहसंचालिका सीता चौहान, संगठनमंत्री मेघा, सहमंत्री सीमा सरिता ने समाज में महिलाओ के महत्व की जानकारी दी। आर्य वीरांगनाओं ने महिला उत्थान के लिए प्रयासों पर चर्चा की। एक दूसरे को रंग लगाकर मुंह मीठा कराया। नगर मंत्री ममता गुर्जर ने आगामी योजनाओ की जानकारी दी। कार्यक्रम में योगिता पंवार, कामिनी राजावत, किरण, विनीता राठौर मौजूद थी।
नारायणपुरी आश्रम में हुआ होलिका दहन
श्री नारायणपुरी आश्रम सेवा समिति की ओर से होलिका दहन किया गया। अध्यक्ष डॉ.रमेश नकड़ा ने दीपप्रजजवलित किया। उन्होंने कोरोना वायरस से बचाव के तरीके बताए। संयोजक जगदीशकुमार छाबड़ा, उपाध्यक्ष पूरणसिंह जीना, महिला मंडल अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया। महिलाओं ने भजनों एवं बच्चों ने नृत्य की प्रस्तुति दी। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। पूर्व पार्षद सत्यनारायण बुनकर, राजेश बुनकर, दीपेश, जितेंद्र राजावत, सुरेश शर्मा आदि मौजूद थे। इसी प्रकार वार्ड 30 में होली दहन और होली महोत्सव मनाया गया। इस मौके पर पार्षद ज्योति पारेता एवं अन्य महिलाएं मौजूद थी। वहीं सिनेमा चौराहा स्थित मातामंदिर पर महिलाओं ने फागोत्सव मनाया। राधाकृष्ण की झांकी सजाई गई। भगवान के भजनों पर महिलाएं झूम उठी।
रावतभाटा। अणुकिरण महिला क्लब की ओर से होली, फागोत्सव और महिला दिवस पर प्रस्तुति देती कार्यकारिणी सदस्य।
रावतभाटा. अणुकिरण महिला क्लब की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देती क्लब की सदस्याएं।
खैराबाद. कस्बे में धुलंडी के दिन युवाओं की टोली सुबह से ही होली खेलने निकल पड़ा।
रावतभाटा. होली दहन पर मौजूद पार्षद ज्योति व महिलाएं।
चेचट. होली पर सीएलजी बैठक में उपस्थित सदस्य।
चेचट. युवाओं ने खास अंदाज में मनाई होली।
रामगंजमंडी. शहर में सालों पुराने दोस्त आज भी एक साथ होली खेलने की परंपरा नहीं भूले हैं।
जुल्मी. कस्बे मे सुबह से दोपहर 1 बजे तक जमकर होली खेली। ग्रामीणों में उत्साह नजर आया।
रावतभाटा। चारभुजा बरकतनगर में होली का उत्साह।
रामगंजमंडी. जानलेवा बीमारी से लड़कर जीतने वाले मासूम नैतिक राठौर ने भी दोस्तों के साथ खेली होली।
रामगंजमंडी. शहर के युवाओं ने भी स्नेह से गुलाल लगाई।
रावतभाटा। अणुकिरण कॉलोनी में होली का उत्साह।
रावतभाटा। सीआईएसएफ के जवानों ने किया होली दहन।
भैंसरोडगढ़. रावणा राजपूत समाज की ओर से सेवानिवृत्त कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों का किया गया सम्मान।
रावतभाटा. आर्य वीरांगना दल ने मनाया महिला दिवस, होली मिलन समारोह।
रावतभाटा. अणुकिरण कॉलोनी में सपरिवार होली खेलते परमाणु बिजलीघर कर्मचारी।
सुकेत. होली के दिन युवाओं में उत्साह दिखाई दिया।
पीपाखेड़ी. युवाओं ने होली खेली और स्नेह से गले मिले।
सातलखेड़ी. कस्बे में होली दहन का आयोजन जय भवानी क्लब द्वारा आयोजित हुआ।
सातलखेड़ी. कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला गया।
चेचट. मृतकों की शांति के लिए मौन रखते हुए।
रामगंजमंडी. शहर में मृतकों को मौन रखकर श्रद्धांंजलि देते हुए शहरवासी।