- Hindi News
- National
- Chomu News Rajasthan News Jeep Collided With Bike Six Injured Including Five Students
बाइक से टकराकर खाई में गिरी जीप, पांच छात्रों सहित छह घायल
शहर के सामोद रोड नीमड़ी सिद्धि विनायक अस्पताल के पास शुक्रवार को सवेरे करीब 7:30 बजे एक निजी कोचिंग के विद्यार्थियों को लेकर चौमू आ रही एक जीप ने पहले बाइक के टक्कर मारी और उसके बाद अनियंत्रित होकर बिजली के पाेल से टकरा कर सड़क के पास खाई में कूद गई। इस घटना में बाइक पर सवार एक विद्यार्थी तथा जीप में सवार पांच विद्यार्थी घायल हो गए। बाद में इन्हें एंबुलेंस व निजी वाहनों से अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। जानकारी के अनुसार एक निजी विद्यालय से जुड़ी जीप विद्यार्थियों को स्कूल लेकर चौमू आ रही थी, जिसने सिद्धि विनायक अस्पताल के पास एक बाइक के टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर पोल के टक्कर मारते हुए खाई में कूद गई। जीप में बैठी ग्राम नयाबास निवासी अंजली (20) पुत्री नरेंद्र जाट, उदयपुरिया निवासी ज्योति (17) पुत्री रोहिताश खटीक, चौमू निवासी गुड्डी (18) पुत्री मुकेश यादव, भोपावास निवासी श्रेया (18) पुत्री राहुल मीणा, चिरायु (17) पुत्र राहुल भारद्वाज घायल हो गए। इन्हें एंबुलेंस 108 से चौमू सीएचसी में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने अंजली, गुड्डी व श्रेया को गंभीर हालत होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर एसएमएस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया तथा शेष घायलों काे उपचार के बाद छुट्टी दे दी। घटना में घायल हुए बाइक सवार टांकरड़ा नयाबास निवासी अरुण (21) पुत्र भागचंद जाट को चौमू के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है।
परिवहन विभाग ने की स्कूल के वाहनों पर कार्रवाई : घटना के बाद परिवहन विभाग जागा और निजी स्कूलों के चलने वाले वाहनों की जांच की। इसमें आधा दर्जन वाहनों के चालान काटे।