- Hindi News
- National
- Shahpura News Rajasthan News Naib Tehsildar Arrives To Shut Down Coaching Centers Regarding Corona Virus Panic In Shahpura
नायब तहसीलदार कोरोना वायरस को लेकर कोचिंग सेंटरों को बंद कराने पहुंचे, शाहपुरा में खलबली
विश्व स्वास्थ्य संगठन तथा संयुक्त राष्ट्र द्वारा कोरोना संक्रमण को महामारी घोषित करने तथा केंद्र सरकार की ओर से जारी की गई एडवाइजरी की अनुपालना में प्रदेश में 30 मार्च तक स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, सिनेमाघरों को बंद करने के मुख्यमंत्री ने आदेश जारी किए है।
मुख्यमंत्री के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए जिला कलेक्टर एवं एसडीएम नरेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर शनिवार को मनोहरपुर नायब तहसीलदार कमलेश कुमार शर्मा व पटवारी कालूराम जाट की टीम ने शहर में संचालित निजी स्कूल एवं कोचिंग सेंटरों संचालित क्लासों को बंद करवाने के लिए पहुंचे। प्रशासन की इस कार्रवाई से कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी व निजी स्कूल संचालकों में खलबली मच गई। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचते उससे पहले ही कई कोचिंग सेंटरों ने क्लास बंद कर दी थी। कार्यवाहक तहसीलदार कमलेश कुमार शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर एवं एसडीएम के निर्देश पर शहर में उन्नत क्लासेज, भूमिका क्लासेज, अशोक क्लासेज, केएसजी क्लासेज में जाकर क्लासेज बंद करवाकर बच्चों को घर भेजा गया और संचालकों को 30 मार्च तक किसी भी सुरत में कोचिंग कक्षाओं का संचालन नहीं करने के लिए पाबंद किया। अगर संचालन किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अशोक क्लासेज में तो बच्चों को कक्षाओं से बाहर भेजने में करीब एक घंटा लग गया। हालांकि कई बच्चे बाद भी कोचिंग सेंटर के आसपास मंडराते नजर आए।
आदेशों की अवहेलना
मुख्यमंत्री द्वारा कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति को देखते हुए 30 मार्च तक बंद करने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद शहर में कई निजी स्कूल संचालकों ने मुख्यमंत्री के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए स्कूलों का संचालन कर बच्चों की पढ़ाई करवाते नजर आए। प्रशासनिक टीम की दोपहर में कार्रवाई शुरू करने पर आनन फानन में कई निजी स्कूल संचालकों ने छुट्टी कर दी तथा कई कोचिंग सेंटर बंद हो गए। इसके बाद भी कई जिम सेंटर संचालित होते रहे। लोगों ने निजी स्कूलों के संचालन के बारे में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी शिकायत दी गई है। एसडीएम नरेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री के आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शाहपुरा| शहर के एक कोचिंग सेंटर में कोरोना वायरस को लेकर बच्चों को बाहर भेजते नायब तहसीलदार कमलेश कुमार शर्मा।