- Hindi News
- National
- Govindgarh News Rajasthan News Old Mansion In The Visible Land In Front Of Khejroli39s Sub Tehsil Office And Piles Of Road Debris
खेजरोली के उपतहसील कार्यालय के सामने गोचर भूमि में पुरानी हवेली व सड़कों के मलबे के ढेर
खेजरोली के उपतहसील कार्यालय के सामने गोचर भूमि में पुरानी हवेली व सड़कों के मलबे के ढेर को लेकर दैनिक भास्कर के गुरुवार के अंक में खबर छपने के बाद उपतहसील प्रशासन हरकत में आया और मौैके पर जाकर नायब तहसीलदार भैंराराम कुमावत व पटवारी रामदास अग्रवाल ने मौका देखा और वहां पर पड़े मलबे को देख कर ग्राम पंचायत के सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी को नोटिस थमा दिया। नोटिस में निर्देश दिए है कि गोचर भूमि से पड़े ईंट, पत्थर, मोहर्रम आदि को लेकर उचित कार्रवाई करें तथा भविष्य में गोचर भूमि से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने और उसका संरक्षण करने के लिए पाबंद किया। इस संबंध में नायब तहसीलदार ने बताया कि गोचर भूमि गायों के लिए आरक्षित है और उसके रख-रखाव व संरक्षण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत पर है। ऐसे में कोई भी गोचर भूमि पर अतिक्रमण करें अथवा मलबा अनादि डाले तो संबंधित को भी पाबंद करना सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी की जिम्मेदारी है।
जो जिम्मेदार उनके सामने खुद गई नींव
एक ओर जहां नायब तहसीलदार, सरपंच व ग्राम विकास अधिकारी को गोचर भूमि के संरक्षण व रख-रखाव के लिए जिम्मेदार बता रहे है। वहीं ग्राम पंचायत भवन के ठीक सामने मूंड रु रोड के पूर्व दिशा में एक थड़ी रखी हुई है। उसके पास ही एक टपरी बनी हुई है और सबसे बड़ी बात तो थड़ी के पीछे की ओर काफी लंबी-चौड़ी जगह में नींव भी खोदी हुई पड़ी है। इससे गोचर के प्रति जिम्मेदारों की हकीकत सामने आती है। ग्रामीणों ने बताया कि गायें दिन भर इधर-उधर भटकती रहती है। बरसात के दिनों में तो उन्हें खाने के लिए गोचर में उगी घास चरने के लिए तो मिल जाती है।
वीडीओ करेगा कार्रवाई
खेजरोली सरपंच मदनलाल यादव ने बताया कि नायब तहसीलदार द्वारा नोटिस मिला है। मामले को लेकर ग्राम विकास अधिकारी मोहम्मद हुसैन को बताया है। आगे की कार्रवाई ग्राम विकास अधिकारी ही करेंगे।
अतिक्रमण है तो हटाएंगे
खेजरोली ग्राम विकास अधिकारी मोहम्मद हुसैन ने बताया कि उनके सामने न तो किसी ने नींव खोदी और न ही किसी ने मलबा डाला है। मलबे को उठवाने के लिए उच्चाधिकारियों से निर्देश लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी। गोविंदगढ़ पंचायत समिति विकास अधिकारी महेश मीणा ने बताया कि भूमि चाहे गोचर हो अथवा अन्य सरकारी उस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण है, तो उसे हटवाना पड़ेगा।
गोविंदगढ़| मलबे के ढेरों को देखते नायब तहसीलदार व पटवारी।